कुंदन कुमार, पटना। बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग जारी है।अपने मतों का प्रयोग करने के लिए विधायक बिहार विधानसभा पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी विधानसभा पहुंचे और मतदान किया। वोटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह दावा किया कि, हमारे उम्मीदवार (राजद-अजय धारी सिंह) की जीत होगी।

सामने वाला भी तो यही किया है- तेजस्वी

वहीं, जब उनसे यह सवाल किया गया कि रात भर से आप लोग अपने को विधायक को होटल पनाश में अपने साथ रखे हैं। इसपर तेजस्वी यादव ने कहा कि, सामने वाला भी तो यही किया है। हम लोग किए तो क्या गलत है? सभी लोग अपने-अपने जीत के प्रयास में रहते हैं। हम भी हैं। तेजस्वी के साथ कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन भी मौजूद नजर आए।

कांग्रेस के 3 विधायक अभी भी लापता

एक तरफ, जहां एनडीए विधायकों के विधानसभा पहुंचने का सिलसिला जारी है। वहीं, दूसरी ओर 5वीं सीट पर जीत की जुगाड़ में लगे तेजस्वी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दरअसल राज्यसभा चुनाव के महागठबंधन के विधायकों को एकजुट करने की तमाम कोशिश के बीच कांग्रेस के तीन विधायक अभी भी तेजस्वी यादव व अन्य नेताओं की रडार से दूर हैं। उनके मोबाइल भी बंद आ रहे हैं, उनसे किसी भी प्रकार का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

बसपा विधायक भी महागठबंधन के संपर्क से दूर

राज्यसभा की 5वीं सीट पर जीत की उम्मीद लगाए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अभी भी पनाश होटल में बैठक कर रहे हैं। उनके साथ महागठबंधन के कई विधायक तो मौजूद हैं। लेकिन चिंता वाली बात यह है कि जहां कांग्रेस के 3 विधायकों से अभी भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं, बसपा के एक मात्र विधायक सतीश यादव भी महागठबंधन के संपर्क में नहीं है।

बीजेपी पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप

राजद सांसद सुधाकर सिंहने बीजेपी पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगाया है। राजद सांसद ने कहा कि, NDA और BJP हर जगह पैसों के दम पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पास कहीं भी ज़रूरी संख्या नहीं है। वे कई राज्यों में पैसों और ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ के दम पर सत्ता को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी योजनाएं कई राज्यों में सफल होंगी, और कई राज्यों में उन्हें हार का भी सामना करना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह का हुआ तबादला, सियासी हलचल तेज