कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद (MLC) पद से इस्तीफे ने हलचल तेज कर दी है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसे सामान्य प्रक्रिया मानने से इनकार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने साफ तौर पर कहा कि नीतीश कुमार को ठगा गया है और उनसे यह निर्णय दबाव में दिलवाया गया है।

​बीजेपी पर साधा निशाना

​तेजस्वी यादव ने कहा कि हालांकि नियमतः एक सदन से दूसरे सदन में जाने पर इस्तीफा देना पड़ता है, लेकिन नीतीश जी का मामला अलग है। तेजस्वी यादव ने कहा, हम शुरू से कह रहे थे कि बीजेपी जब भी सत्ता में आएगी, वह नीतीश जी को चैन से रहने नहीं देगी। आज वही हो रहा है। बीजेपी ने न केवल मुख्यमंत्री को, बल्कि बिहार की जनता को भी ठगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए जनतंत्र के साथ-साथ मशीन तंत्र का भी भरपूर दुरुपयोग किया गया।

​मंत्रियों के आंसुओं को बताया कैमरा ड्रामा

​नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भावुक हुए मंत्रियों और विधायकों पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा कि आजकल लोग कैमरा देखकर ड्रामा करने में माहिर हैं। अशोक चौधरी सहित अन्य नेताओं की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, कौन रो रहा है, कौन क्या कर रहा है, हम सब जानते हैं। अब कुछ बचा तो है नहीं, इसलिए लोग अब कलाकारी और पढ़ने का ढोंग कर रहे हैं। बिहार के असल मुद्दों पर बात करने के बजाय ये लोग सिर्फ अभिनय कर रहे हैं।

​निशांत की राजनीति में एंट्री पर प्रतिक्रिया

​मुख्यमंत्री के बेटे निशांत के राजनीतिक भविष्य पर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी ने सधा हुआ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करेंगे, लेकिन अगर कोई भी युवा राजनीति में आना चाहता है, तो वे उसका स्वागत और समर्थन करते हैं।