पटना। बिहार विधानसभा के तीसरे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की शुरुआत हुई। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को स्पीकर द्वारा 25 मिनट का समय दिया गया। अपने संबोधन के दौरान तेजस्वी यादव कई बार लिखित भाषण पढ़ते हुए अटकते नजर आए। शब्दों को पढ़ने में उन्हें कठिनाई हो रही थी, जिससे सदन का माहौल अचानक बदल गया।

तेजस्वी यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि राज्यपाल द्वारा पढ़ा गया अभिभाषण सरकार के अधिकारियों द्वारा तैयार किया जाता है और उसमें कोई नई बात नहीं होती। हालांकि भाषण पढ़ते समय वे बार-बार रुक रहे थे। इस दौरान सत्ताधारी दल के विधायकों ने ठहाके लगाने शुरू कर दिए, जिससे सदन में कुछ देर के लिए हलचल की स्थिति बन गई।

स्थिति स्पष्ट करते हुए तेजस्वी यादव ने स्पीकर से बैठकर बोलने की अनुमति मांगी। उन्होंने कहा कि उनके नाखून में चोट लगी है, जिस कारण उन्हें काफी दर्द हो रहा है और वे दवा लेकर सदन में आए हैं। स्पीकर ने उन्हें बैठकर अपनी बात रखने की अनुमति दे दी, जिसके बाद उन्होंने अपना संबोधन जारी रखा।

गौरतलब है कि तेजस्वी यादव की शैक्षणिक योग्यता को लेकर सत्ताधारी दल के नेता समय-समय पर सवाल उठाते रहे हैं। इसे लेकर पहले भी राजनीतिक बयानबाजी होती रही है।