Tejashwi Yadav: बिहार में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव केरल में बिहार को लेकर दिए गए अपने बयान को लेकर चौतरफा घिरते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल तेजस्वी ने केरल में बिहार को एक पिछड़ा और गरीब राज्य बताते हुए केरल की सराहना की थी। तेजस्वी के इस बयान ने बिहार की सियासत को गर्म कर दिया है। एनडीए के नेता लगातार उनपर हमलावर हैं। वहीं, अब राज्यसभा चुनाव में उनका साथ देने वाली AIMIM ने भी उनके इस बयान की निंदा की है।

राहुल के नक्शे कदम पर तेजस्वी- विजय सिन्हा

तेजस्वी यादव के बयान पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि, राहुल गांधी जब विदेश जाते हैं, तो देश को कोसते हैं, देश की प्रतिष्ठा को गिराते हैं। तेजस्वी यादव भी उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हैं। दूसरे राज्यों में बिहार को नीचा दिखाने का काम करते हैं। तेजस्वी यादव को अपना नज़रिया बदलना चाहिए और विपक्ष की सकारात्मक भूनिका निभानी चाहिए।

वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, यहां तो जनता ने उन्हें (तेजस्वी यादव) आइना दिखा दिया, अब वे अंतर्राष्ट्रीय नेता बनने केरल गए हैं।

AIMIM ने लालू और तेजस्वी को भी ठहराया जिम्मेदार

वहीं, राज्यसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार को वोट करने वाले एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने भी दबे शब्दों में तेजस्वी यादव के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि, बिहार को सीखना चाहिए तो वे भी उपमुख्यमंत्री रहे हैं, यह शब्द उनपर भी लागू होते हैं कि जो समय उन्हें, उनके पिताजी को मिला उसमें उन्हें भी समझना चाहिए था।

अख्तरुल ईमान ने आगे कहा कि, मैं समझता हूं कि यह कोई आपत्ति की बात नहीं है, बिहार गरीब है यह सत्य है और गरीब होने का सर्टिफिकेट किसी और ने नहीं बल्कि बिहार के तमाम राजनीतिक दलों ने सदन में प्रस्ताव पारित किया है कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिया जाए। यह तो सर्वविदित है कि बिहार गरीब है।

नीरज कुमार ने तेजस्वी को बताया अपराधी

वहीं, जदयू नेता नीरज कुमार ने तेजस्वी के बयान पर कहा कि, तेजस्वी यादव अंतर्राज्यीय राजनीतिक अपराधी हैं। बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में उन पर मुकदमा दर्ज है। वे वहां (केरलम) जाकर लालू यादव की चर्चा कर रहे हैं। बिहार की मिट्टी से तेजस्वी यादव का लगाव जनता ने रहने नहीं दिया। वे आर्थिक पलायन के पक्षघर हैं। बिहारी अस्मिता जिसमें नहीं हो उसके पास बोलने का औचित्य नहीं है।

ये भी पढ़ें- जदयू नेता ललन सिंह का विवादित बयान, इस राज्य की CM को बताया जंतु, बोले- वो थेथरई पर आमादा…