मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव में जगतवीर राय की मौत के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। घटना के 8 दिन बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार और पुलिस प्रशासन को खुली चेतावनी दी है। तेजस्वी ने साफ लहजे में कहा कि यदि आरोपी थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई, तो पूरा मुजफ्फरपुर जिला बंद किया जाएगा।

हम कमजोर नहीं, जनता हमारे साथ है

​परिजनों से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, NDA सरकार में अपराधी तो बेलगाम थे ही, अब पुलिस भी निरंकुश हो गई है। अगर किसी अधिकारी को लगता है कि विपक्ष कमजोर है, तो वह भूल जाए। हमें सीटें भले कम मिली हों, लेकिन हमारा वोट प्रतिशत सबसे अधिक है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता का धैर्य टूटा और वे सड़कों पर आ गए, तो सत्ता संभालना मुश्किल हो जाएगा।

​जगतवीर राय की मौत और पुलिस का दावा

​यह पूरा मामला 17 मार्च का है, जब पुलिस पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को पकड़ने चोरनिया गांव पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान ग्रामीण उग्र हो गए और झड़प शुरू हो गई। पुलिस का दावा है कि बचाव में हवाई फायरिंग की गई थी और ग्रामीणों की ओर से भी गोलीबारी हुई, जिसमें जगतवीर राय को गोली लगी। हालांकि, परिजनों का सीधा आरोप है कि थानाध्यक्ष ने जगतवीर के सीने में गोली मारी, जिससे उनकी जान गई।

​न्याय के लिए मानवाधिकार आयोग जाएंगे तेजस्वी

​तेजस्वी यादव ने मृतक को एक समाजसेवी और परिवार का इकलौता सहारा बताते हुए कहा कि वे इस मामले को मानवाधिकार आयोग में उठाएंगे। मृतक के पिता गरीब नाथ राय ने बताया कि तेजस्वी ने उन्हें संसद तक इस मुद्दे को ले जाने और न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी तरह की ‘लीपा-पोती’ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।