Bihar Politics: राज्यसभा चुनाव को लेकर आज मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर महागठबंधन विधायकों की अहम बैठक हुई। बैठक में राजद उम्मीदवार अजय धारी सिंह को चुनाव जीताने को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि, बैठक बहुत ही सकारात्मक रही है। राज्यसभा चुनाव को लेकर हम लोग पूरी तरह निश्चिंत हैं। सब लोगों से बातचीत चल रही है… हमारे पास संख्या है, तभी तो चुनाव लड़ रहे हैं।”

हमारे पास 41 से अधिक वोट- भाई वीरेंद्र

वहीं, RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने RJD नेता तेजस्वी यादव के साथ बैठक पर कहा कि, मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि हमारी पार्टी, हमारा दल, हमारा महागठबंधन जीतेगा और हम 41 वोट नहीं और भी ज्यादा वोट लाएंगे। हमें पूरा समर्थन मिल रहा है और पूरे विश्वास के साथ मैं कह रहा हूं।”

बता दें कि राज्य में 5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, शिवेश कुमार, जदयू से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर मैदान में हैं। वहीं, एक सीट पर एनडीए से उपेंद्र कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि राजद से अजय धारी सिंह मैदान में हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को मतदान होना है। 16 मार्च की शाम को ही चुनाव का परिणाम भी सामने आ जाएगा।

राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए करीब 41 विधायकों का समर्थन जरूरी होता है। ऐसे में एनडीए को चार सीटें आसानी से मिलती दिख रही हैं, जबकि महागठबंधन के पास सिर्फ 35 विधायक होने से उसकी राह मुश्किल नजर आ रही है। ऐसे में यदि महागठबंधन का समर्थन AIMIM करती है, तो राज्यसभा की एक सीट उसके खाते में आ सकती है। हालांकि इस बीच आरजेडी के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने इस बैठक से दूरी बना ली है।

ये भी पढ़ें- ‘किसी भ्रम में न रहे CO’, हड़ताल पर गए कर्मचारियों को विजय सिन्हा ने दी चेतावनी, बोले- मुक्ति मिलना संभव नहीं…