पटना। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के केरल दौरे ने राज्य की राजनीति में भाषाई और वैचारिक जंग छेड़ दी है। केरल के एक कार्यक्रम में तेजस्वी द्वारा दी गई अंग्रेजी स्पीच अब भाजपा और राजद के बीच जुबानी वार का मुख्य केंद्र बन गई है।
ग्रामर पर तंज: नौवीं फेल अंग्रेजी
तेजस्वी यादव ने केरल में कहा था I have come from Bihar state, which is the poorest state of the country। इस बयान पर भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया। उन्होंने तेजस्वी की अंग्रेजी को नौवीं फेल स्तर की करार देते हुए व्याकरण संबंधी गलतियां निकालीं। नीरज कुमार के मुताबिक Bihar state कहना अनावश्यक है क्योंकि बिहार स्वयं एक राज्य है। साथ ही, I have come from के बजाय I am from या I come from का प्रयोग व्याकरण की दृष्टि से अधिक सटीक होता। भाजपा ने आरोप लगाया कि तेजस्वी बिहार को सबसे गरीब बताकर राज्य की छवि धूमिल कर रहे हैं।
राजद का पलटवार: भाजपा को तेजस्वी फोबिया
भाजपा के इन आरोपों पर राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता तेजस्वी फोबिया के शिकार हैं और ग्रामर के बहाने असली मुद्दों से ध्यान भटका रहे हैं। राजद ने पलटवार करते हुए कहा कि बिहार की वर्तमान आर्थिक बदहाली के लिए डबल इंजन सरकार जिम्मेदार है जिसने राज्य के खजाने को खाली कर दिया है।
क्या था तेजस्वी का मूल संदेश?
दरअसल केरल में एक राजनीतिक मंच से तेजस्वी यादव बिहार और केरल के विकास मॉडल की तुलना कर रहे थे। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में केरल की प्रशंसा करते हुए बिहार को देश का सबसे गरीब राज्य बताया और सीखने की सलाह दी। जहां भाजपा इसे बिहार का अपमान बता रही है वहीं राजद इसे राज्य की कड़वी सच्चाई को स्वीकार कर सुधार की दिशा में एक कदम मान रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

