चंडीगढ़। हरियाणा में लंबे समय से लंबित नगर निगम चुनावों की घोषणा कल हो सकती है। राज्य चुनाव आयोग तारीखों के ऐलान के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारी कर रहा है। यदि किन्हीं कारणों से सोमवार को कार्यक्रम घोषित नहीं होता है, तो बुधवार तक अधिसूचना जारी होने की पूरी संभावना है।

वार्डबंदी का रास्ता साफ

नगर निगम चुनाव की वार्डबंदी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा कानूनी गतिरोध अब खत्म हो गया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने 10 अप्रैल को नई अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत 2011 की जनगणना के आधार पर एससी (SC) सीटों को आरक्षित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस बाधा के दूर होते ही चुनाव आयोग ने अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

कोर्ट में लंबित है याचिका

दूसरी ओर, कांग्रेस ने ईवीएम (EVM) के साथ वीवीपीएटी (VVPAT) मशीनें जोड़ने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की हुई है। इस मामले पर अगली सुनवाई 20 अप्रैल को होनी है। हालांकि, अदालत की ओर से अभी तक चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने का कोई आदेश नहीं दिया गया है। ऐसे में चुनाव आयोग अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आगे बढ़ रहा है।

राजनीतिक सरगर्मी तेज

तारीखों के ऐलान की सुगबुगाहट के साथ ही प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। वार्डबंदी और आरक्षण की स्थिति साफ होने के बाद अब उम्मीदवारों ने भी अपनी दावेदारी मजबूत करनी शुरू कर दी है। चुनाव आयोग के सूत्रों का कहना है कि मतदान की प्रक्रिया अगले महीने के भीतर संपन्न कराई जा सकती है। अब सबकी नजरें आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m