मुख्यमंत्री ने महात्मा ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के लिए 51 लाख देने और संस्था में नर्सिंग कोर्स शुरू करने का आश्वासन दिया। इस दौरान ज्योतिबा फुले को भारत रत्न देने और उनकी जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने और सावित्री बाई के नाम पर शिक्षिका दिवस मानने की मांग भी जोरशोर से उठी।

नवदीत/कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सैनी आज बाबैन में सैनी समाज द्वारा आयोजित महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले द्वारा सामाजिक उत्थान के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपने विचारों, संघर्षों और कर्मों से समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है।

मुख्यमंत्री सैनी ने महात्मा ज्योतिबा फुले को सामाजिक क्रांति का अग्रदूत बताते हुए कहा कि अंग्रेजी गुलामी के दौर में जब समाज कुरीतियों, अंधविश्वास और भेदभाव से जकड़ा था, तब महात्मा फुले ने बाल विवाह, छुआछूत और जातिगत भेदभाव के खिलाफ साहसिक संघर्ष छेड़ा था।

उन्होंने कहा कि फुले का मानना था कि समाज बदलाव की असली ताकत शिक्षा है। इसी सोच के साथ उन्होंने सावित्रीबाई फुले के सहयोग से 1848 में पुणे में देश का पहला बालिका विद्यालय खोलकर सामाजिक अंधकार के खिलाफ ज्ञान का जो दीप जलाया था वो आज भी देश और सर्वसमाज को नई दिशा देने का काम कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने बाबैन में सैनी समाज द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के नाम से संस्था शुरू करने पर बधाई देते हुए 51 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने संस्थान में नर्सिंग कोर्स शुरू करने की मांग को पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि यह संस्था समाज को नई दिशा देने का काम करेगी और यहां से शिक्षित युवा भविष्य में अपना और देश व समाज का नाम रोशन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव घोषणा पत्र में पार्टी ने 217 संकल्प लिए थे जिसमें से 62 संकल्प पूर्ण हो चुके है, 157 संकल्प पर गति से काम हो रहा है। किसानों की 24 फसलें MSP पर खरीदना भी उनके संकल्प में शामिल था जो पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा देश में पहला राज्य है जो किसानों की सभी फसलें MSP पर खरीदी करता है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सैनी समाज की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सैनी समाज मेहनत, ईमानदारी और सेवा को अपना धर्म मानने वाला समाज है। सैनी समाज का कृषि और देश सेवा के लिए योगदान भी अतुलनीय रहा है।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने खुद को भाजपा का पुराना कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वे लंबे समय से सैनी समाज के नेताओं के साथ मिलकर पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज ने रादौर में उन्हें विजयी बनाकर अपना समर्थन दिया है और वे समाज द्वारा शुरू की गई शिक्षण संस्था को हरसंभव सहयोग देंगे।

उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले के सामाजिक उत्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान भी फुले के विचारों से प्रेरित है।

समाज के अध्यक्ष गुरनाम सिंह सैनी ने ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले को नमन करते हुए उन्हें सर्वसमाज के लिए पूजनीय बताया। उन्होंने बाबैन में 20 करोड़ की लागत से 8 एकड़ में बन रहे महात्मा ज्योतिबा फुले ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के बारे में जानकारी दी और इसे समाज के सहयोग से पूर्ण होने की बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री से आरक्षण बढ़ाने ओर माता सावित्री बाई फुले के नाम पर सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग की।

पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्री बाई फुले ने समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने इस दंपति द्वारा किए गए सामाजिक उत्थान के कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रधानमंत्री से भारत रत्न देने की मांग की है। साथ ही माता सावित्री बाई फुले के नाम पर शिक्षिका दिवस मनाने की भी मांग की है। डॉ पवन सैनी से समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक होने की अपील की।

पूर्व सासंद कैलाशो देवी ने समाज को 51 हजार की राशि भेंट करते हुए कहा कि ज्योतिबा फुले जैसी महान शख्सियतों को किसी समाज की चारदीवारी में नहीं बांधा जा सकता। वे केवल सैनी समाज के महापुरुष नहीं है बल्कि देश के सभी समाज के महापुरुष है।

पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सैनी ने कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सामाजिक पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि ज्योतिबा फुले ने समाज में फैली अशिक्षा, रूढ़िवाद, छुआछूत, बाल विवाह, शोषण जैसी कुरीतियों से मुक्ति दिलाकर समाज में रोशनी लाने का काम किया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलित कर किया गया। समाज द्वारा अतिथियों को पगड़ी पहनाकर, शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज के अध्यक्ष गुरनाम सिंह सैनी और पूर्व अध्यक्ष सरदार गुरदयाल सिंह सैनी ने अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

इस दौरान बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष सुमन सैनी, कर्मवीर सैनी, रामपाल सैनी, गुरदयाल सैनी, कैलाशो देवी, बिशन लाल सैनी, डॉ पवन सैनी, बलबीर सिंह सैनी, कोमल सैनी, रोशन लाल सैनी, गुलाब सिंह सैनी, जयभगवान सैनी, सुभाष क्लासना, जवाहर लाल सैनी, कैलाश सैनी, प्रीतम सैनी, अर्जुन सैनी, नायब सिंह पटाकमाजरा, प्रदीप सैनी, तुषार सैनी, कमलेश सैनी, अनुराग सैनी, डॉ ऋषिपाल सैनी, तेजेंद सैनी, धर्मवीर मिर्जापुर सहित प्रदेशभर से सामाजिक पदाधिकारी एवं समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m