दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है और इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सूत्रों के अनुसार, सत्र के पहले दिन सदन में दिल्ली का आर्थिक सर्वेक्षण (Economic Survey) पेश किया जाएगा। इस सर्वे में राजधानी के विकास, राजस्व, खर्च, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा रखा जाएगा। इसके बाद मंगलवार को सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष का बजट पेश किए जाने की संभावना है। इस बजट में नई योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों के लिए फंड आवंटन की घोषणा की जा सकती है।
राजधानी में लंबे समय तक सत्ता से बाहर रहने के बाद भारतीय जनता पार्टी के दूसरे बजट पर इस बार खास नजरें टिकी हुई हैं। इसे सरकार की नीतियों और प्राथमिकताओं की दिशा तय करने वाला अहम बजट माना जा रहा है। विधानसभा सूत्रों के अनुसार बजट सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने शनिवार को व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस बार सत्र को पहले से ज्यादा आधुनिक और डिजिटलीकृत बनाने पर जोर दिया गया है। खास बात यह है कि विधायकों की सहायता के लिए “विधान साथी” नाम का चैटबॉट उपलब्ध रहेगा, जिससे वे कार्यवाही, दस्तावेज़ और प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी तुरंत हासिल कर सकेंगे।
विधानसभा सूत्रों के अनुसार, बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को दिल्ली विधानसभा में राजधानी का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने की संभावना है। इस सर्वेक्षण में सरकार विभिन्न क्षेत्रों जैसे बुनियादी ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और राजस्व में दिल्ली के विकास की मौजूदा स्थिति और प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करेगी। सत्र के दौरान विधायकों को भी अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। नियम 280 के तहत विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और मुद्दों को सदन में उठा सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर की परेशानियों को सीधे सरकार के सामने रखने और उनके समाधान की दिशा में पहल होने की उम्मीद रहती है।
हंगामेदार हो सकता है सत्र
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा के इस तीन दिवसीय बजट सत्र के दौरान भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की छह रिपोर्टें पेश की जा सकती हैं। ये रिपोर्टें खास तौर पर पिछली आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज से जुड़ी बताई जा रही हैं, जिस पर सदन में तीखी बहस और राजनीतिक टकराव की संभावना है।
इन रिपोर्टों को लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है। वहीं, आबकारी घोटाले और फांसीघर मामले पर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार हंगामा होने के आसार हैं। फांसीघर मामले में हाल ही में विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व स्पीकर रामनिवास गोयल और पूर्व डिप्टी स्पीकर राखी बिरला पेश हुए थे।
निंदा प्रस्ताव आएगा
सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की विधायक शिखा राय की ओर से दिल्ली विधानसभा में निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। यह प्रस्ताव लोकसभा में कुछ विपक्षी दलों द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए निष्कासन प्रस्ताव के विरोध में पेश किया जाएगा।
खीर सेरेमनी का आयोजन होगा
जानकारी के अनुसार, दिल्ली सरकार का गठन वर्ष 1993 में हुआ था और तब से हर साल बजट पेश करने की परंपरा जारी है।इस बार भारतीय जनता पार्टी सरकार ने बजट सत्र के साथ एक नई परंपरा खीर सेरेमनी की शुरुआत की है। इसी के तहत सोमवार को दिल्ली विधानसभा में खीर सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री शामिल होंगे।बजट को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहले ही विभिन्न वर्गोंजैसे कारोबारी, किसान, गिग वर्कर्स, महिलाएं और किन्नर समुदाय के साथ संवाद किया है। इससे संकेत मिलता है कि बजट में अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए घोषणाएं की जा सकती हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

