अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के सासाराम के एक निजी होटल में पहली बार आयोजित ‘द ग्रेट होली सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम ने शहरवासियों को रंग और उमंग से सराबोर कर दिया। आज दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ यह कार्यक्रम शाम 5 बजे तक चला, जिसमें शहर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजन को पारंपरिक और सांस्कृतिक अंदाज में मनाने की विशेष तैयारी की गई थी।

कार्यक्रम में बाहर से आए गायक ने होली के पारंपरिक गीतों के साथ-साथ भोजपुरी और हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। जैसे ही मंच से होली के गीत गूंजे, दर्शक खुद को रोक नहीं सके और रंग-बिरंगे माहौल में जमकर ठुमके लगाए। माहौल ऐसा बना मानो होली का असली जश्न आज ही सासाराम में मनाया जा रहा हो।

आयोजकों ने कार्यक्रम को खास बनाने के लिए गुलाब की पंखुड़ियों और रंगों की बौछार का भी इंतजाम किया था। वृंदावन की तर्ज पर फुहारों के बीच लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाया और होली की खुशियां साझा कीं। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने खुले दिल से जश्न का आनंद लिया।

कार्यक्रम में शामिल दर्शकों ने कहा कि, सासाराम में पहली बार इस तरह का भव्य आयोजन देखकर काफी अच्छा लगा। उन्होंने बताया कि परिवार और दोस्तों के साथ सुरक्षित माहौल में होली के गीतों पर झूमने का यह अनुभव यादगार रहेगा। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तमाम तैयारियां की गई थीं और आगे भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को जारी रखा जाएगा। बिहार के इस ऐतिहासिक शहर में आयोजित यह होली उत्सव लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- ‘बिहार में शराबबंदी सफल नहीं’, जदयू सांसद का बड़ा बयान, बोले- मैं शुर से इसके पक्ष में नहीं, यदि हट जाए तो…