The Hundred 2026: उस्मान तारिक को बर्मिंघम फीनिक्स की टीम ने अपने साथ जोड़ लिया है. नीलामी में उस्मान पर करोड़ों रुपए की बोली लगी है.
The Hundred 2026: एक तरफ जहां आईपीएल 2026 का मंच तैयार है, तो वहीं इंग्लैंड की फेमस द हंड्रेड क्रिकेट टी20 लीग के छठे सीजन की तैयारी जोरों पर है. 12 मार्च यानी आज नए सीजन के लिए नीलामी चल रही है. इंग्लैंड की 100-बॉल क्रिकेट लीग का यह छठा (6th) सीजन है. यह टूर्नामेंट 21 जुलाई से शुरू होकर 16 अगस्त 2026 तक खेला जाएगा. नीलामी में जिस एक नाम की गूंज सबसे ज्यादा सुनाई दी, वह है पाकिस्तान के उभरते हुए मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक. इस खिलाड़ी की लॉटरी लग गई है, क्योंकि नीलामी में उन्हें करोड़ों रुपए मिले हैं.

नीलामी से ठीक पहले एक सवाल था कि टूर्नामेंट में आईपीएल की मालिकाना हक वाली टीमें हैं, ऐसे में क्या पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली लगेगी, लेकिन अब यह सवाल खत्म हो गया है, क्योंकि उस्मान तारिक पर रिकॉर्ड बोली लगी है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी ‘पॉज’ वाली अनोखी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को चकमा देने वाले उस्मान पर करोड़ों रुपए में बोली लगी है. उन्हें खरीदने के लिए दो बड़ी टीमों के बीच होड़ मची थी.
इसे भी पढ़ें: IPL के वो 10 ‘खूंखार’ गेंदबाज, जिनकी गेंदों पर बड़े-बड़े सूरमा टेक देते हैं घुटने, नंबर-1 के नाम है 221 शिकार का रिकॉर्ड
कितने करोड़ की बोली लगी?
दरअसल, उस्मान तारिक 1.23 करोड़ रुपये (1 लाख पाउंड) की बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे थे. उनका नाम जैसे ही आया तो पहली बोली बर्मिंघम फीनिक्स ने लगाई, फिर तुरंत बाद ट्रेंट रॉकेट्स भी आ गई. दोनों के बीच काफी देर तक खींचतान चली, लेकिन अंत में बाजी बर्मिंघम फीनिक्स ने मार ली. इस टीम ने उस्मान को 1.73 करोड़ रुपये (1.40 लाख पाउंड) की भारी-भरकम कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया है. पाकिस्तानी रुपयों में यह रकम करीब 5.25 करोड़ के बराबर है.
अनोखा बॉलिंग एक्शन है
उस्मान ने हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान टीम के लिए शिरकत की थी. ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने वाले उस्मान तारिक के एक्शन को लेकर तमाम तरह की बातें हो रही थीं, क्योंकि उनका एक्शन सबसे ज्यादा लाइमलाइट में था. वह थोड़ा पॉज लेकर गेंदबाजी करते हैं और बल्लेबाजों को चकमा दे देते हैं. उनका एक्शन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है, जिससे बल्लेबाजों की टाइमिंग पूरी तरह बिगड़ जाती है.
कैसा है उस्मान तारिक का क्रिकेट करियर?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वह पाकिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे. उन्होंने कुल 12 विकेट निकाले थे. अपने करियर में वह पाकिस्तान के लिए नवंबर 2025 में डेब्यू करने के बाद से अब तक 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर कुल 18 विकेट निकाल चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 2 बार 4 विकेट लेने का कमाल भी किया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

