सुरेश पांडेय, सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्र पवन शाह की बेरहमी से हत्या का मामला आया है। चार दिन से लापता छात्र का शव जंगल में मिलने के बाद हड़कंप मच गया। वहीं इस जघन्य हत्या से नाराज लोगों का गुस्सा देर रात फूट पड़ा और मोरवा थाना के सामने उग्र भीड़ ने एक पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया
दरअसल साईं नगर वार्ड क्रमांक 8 निवासी पवन शाह 9 मार्च की रात करीब साढ़े नौ बजे घर से बिना बताए बाहर निकला और वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने मोरवा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और अपहरण की आशंका जताई थी। इसी दौरान जंगल से शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान पवन शाह के रूप में कराई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने छात्र की बेरहमी से हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया था।
दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया
पुलिस ने मामले में सुधांशु गुप्ता और मोहम्मद इरशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा में और पूछताछ जारी है। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली ने विशेष जांच दल का गठन किया है, जो तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगा।
थाना के सामने जमा भीड़ उग्र हो गई
इधर घटना से नाराज़ लोगों का गुस्सा देर रात भड़क उठा और मोरवा थाना के सामने जमा भीड़ उग्र हो गई। आक्रोशित लोगों ने एक पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। फिलहाल इस मामले में किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। विधायक रामनिवास शाह भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

