हिंदू पंचांग का दूसरा महीना वैशाख आज से शुरू हो गया है. धार्मिक मान्यताओं में इस महीने को काफी खास माना जाता है. कहा जाता है कि यह महीना पुण्य देने वाला होता है और भगवान विष्णु की कृपा पाने का अच्छा समय भी. कई लोग इसे माधव मास के नाम से भी जानते हैं. मान्यता है कि इस पूरे महीने अगर श्रद्धा से श्रीहरि की पूजा की जाए, तो जीवन के कई कष्ट अपने आप कम होने लगते हैं. स्कंद पुराण में भी वैशाख को बाकी महीनों से श्रेष्ठ बताया गया है.

साल में एक बार होते चरणों के दर्शन
वैशाख में सिर्फ पूजा-पाठ ही नहीं, कई बड़े त्योहार भी आते हैं. इसी महीने भगवान परशुराम की जयंती मनाई जाती है, अक्षय तृतीया आती है और गंगा सप्तमी जैसे पर्व भी पड़ते हैं. एक खास बात यह भी है कि वृंदावन में बांके बिहारी जी के चरणों के दर्शन साल में सिर्फ इसी समय होते हैं, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से भक्त पहुंचते हैं. इस दौरान गंगा स्नान का भी अलग महत्व बताया गया है.
खानपान का विशेष ध्यान जरूरी
गर्मी बढ़ने की वजह से इस महीने सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी माना जाता है. ज्यादा तला-भुना खाने से बचने, पानी ज्यादा पीने और सत्तू, फल जैसी चीजें खाने की सलाह दी जाती है. कई लोग कहते हैं कि सुबह जल्दी उठना और दिनचर्या सही रखना इस समय ज्यादा फायदेमंद होता है.
वैशाख में आने वाले प्रमुख त्योहार
वैशाख में आने वाले प्रमुख व्रत और त्योहारों की बात करें तो इसमें वरूथिनी एकादशी, बैसाखी, अंबेडकर जयंती, मासिक शिवरात्रि, परशुराम जयंती, अक्षय तृतीया, गंगा सप्तमी, सीता नवमी, नृसिंह जयंती और वैशाख पूर्णिमा जैसे दिन खास माने जाते हैं. यही वजह है कि इस महीने को धर्म और आस्था दोनों के लिहाज से काफी अहम माना जाता है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

