कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। रिटायर्ड सूबेदार के घर से 50 लाख से अधिक कीमत की चोरी की वारदात हुई है। शहर के शताब्दीपुरम इलाके में स्थित घर में रहने वाले रिटायर्ड सूबेदार का परिवार शादी में शामिल होने गांव गया हुआ था। 45 मिनट तक चोर घर के अंदर चोरी करते रहे। उनकी हर एक हरकत सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई। हालांकि पुलिस ने सिर्फ 5 लाख कीमत की चोरी की एफआईआर दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

सेना से रिटायर हैं सूबेदार ओमकार तोमर

घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दी पुरम इलाके की है, जहां रहने वाले सूबेदार ओमकार तोमर सेना से रिटायर हैं। उनके दोनों बेटे भी सेना में ही है और दोनों की पोस्टिंग बाहर है। ओमकार परिवार के साथ यहां रहते हैं। वह मूल रूप से मुरैना जिले के बरवाई गांव के रहने वाले हैं। उनके भतीजे की शादी  में शामिल होने के लिए परिवार के सभी सदस्य 6 मार्च को ही ग्वालियर से मुरैना आ गए थे। घर में सिर्फ किराएदार थे।

सोने के गहने-चांदी और कैश पर हाथ साफ

ओमकार अपने पोर्शन में ताला डालकर गांव गए थे। लेकिन बीते 11 मार्च को किराएदार सोनी सिंह राजावत भी बाहर चली गई। ऐसे में अज्ञात चोरों ने मौका पाकर घर में रखे 321 ग्राम के सोने के गहने, करीब 1 किलो चांदी के गहने और साढ़े तीन लाख रुपए नगदी चोरी कर लिया। चोरों ने किराएदार के कमरे में भी पहुंचकर सोने के बाले चोरी कर लिए। जब परिवार वापस घर लौटा तो सामान बिखरा हुआ था। 

पुलिस ने 5 लाख की चोरी लिखी

सभी जगह के ताले टूटे हुए थे। ऐसे में तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि पुलिस ने FIR तो लिखी लेकिन चोरी गए माल की कीमत सिर्फ 5 लाख लिखी है। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। ऐसे में पुलिस फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m