कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब तबके के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं है। खरगे ने आगे कहा कि मोदी सरकार के पास नए आइडिया खत्म हो गए हैं। यह बजट भारत की महत्वपूर्ण आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों के बारे में जवाब से ज़्यादा सवाल खड़े करता है। इसमें गरीबों के लिए कुछ भी नहीं है।

रुपये की गिरती कीमत को रोकने के लिए कोई उपाय नहीं

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ”मोदी सरकार ने महंगाई को कंट्रोल करने के लिए कोई समाधान, सकारात्मक सुझाव या ठोस कदम पेश नहीं किए हैं। इकोनॉमिक सर्वे से पता चलता है कि व्यापार में अनिश्चितता भारत के लिए एक बड़ी चुनौती है, फिर भी बजट में इस समस्या को मुश्किल से ही माना गया है। इसी तरह, रुपये की गिरती कीमत को रोकने के लिए उनके पास कोई प्लान नहीं है…”

‘बजट में बेरोजगारी संकट का कोई समाधान नहीं’

उन्होंने कहा कि बजट में कंज्यूमर डिमांड को फिर से शुरू करने का कोई इरादा नहीं दिखता है। घरेलू बचत में गिरावट और पर्सनल कर्ज का बढ़ता बोझ भी नज़रअंदाज़ किया गया है… शिक्षित युवाओं में फैली व्यापक बेरोज़गारी के संकट का कोई समाधान इसमें नहीं है। वित्त आयोग की सिफारिशों पर और अध्ययन की आवश्यकता है, लेकिन वे गंभीर वित्तीय संकट झेल रही राज्य सरकारों को कोई राहत देती नहीं दिखाई दे रही हैं।

बजट में कमजोर वर्ग का हुई अनदेखा

खरगे ने कहा कि देश में असमानता ब्रिटिश राज के दौर से भी आगे निकल चुकी है, लेकिन बजट में इसका जिक्र तक नहीं है। न ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग या अल्पसंख्यकों के लिए किसी प्रकार की सहायता का कोई प्रावधान किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m