IPL 2026 Playoff: आईपीएल 2026 के आगाज को 7 दिन हो चुके हैं. 28 मार्च को ओपनिंग मुकाबला था और अब तक 7 मैच खेले जा चुके हैं. सभी टीमें लगभग एक-एक मैच खेल चुकी हैं. मतलब पहला राउंड खत्म हो चुका है और अब भविष्यवाणियों का दौर शुरू हो गया है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन ने टूर्नामेंट के पहले हफ्ते के खेल को देखने के बाद उन चार टीमों के नाम चुन लिए हैं, जो इस बार प्लेऑफ (Playoffs) में जगह बना सकती हैं.

इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज रहे केविन पीटरसन ने खिताब जीतने के लिए 4 टीमों के नाम गिना दिए हैं. उनकी इस भविष्यवाणी ने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है. पीटरसन ने डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और 5 बार की चैंपियन सीएसके (CSK) जैसी बड़ी टीमों का नाम नहीं लिया. इसके पीछे उन्होंने वजह भी बताई है.

पीटरसन के ‘टॉप 4’ में कौन?

केविन पीटरसन ने प्लेऑफ के लिए जिन 4 टीमों के नाम गिनाए हैं, उनमें पहले नंबर पर मुंबई इंडियंस (MI), दूसरे पर दिल्ली कैपिटल्स (DC), तीसरे पर राजस्थान रॉयल्स (RR) और चौथे पर पंजाब किंग्स (PBKS) का नाम है. पीटरसन का मानना है कि पहले राउंड के प्रदर्शन के आधार पर ये टीमें सबसे संतुलित दिख रही हैं, हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि खिलाड़ियों की चोट (Injuries) इस समीकरण को बदल सकती है.

चैंपियन RCB और CSK बाहर क्यों?

प्लेऑफ से आरसीबी और सीएसके के बाहर रखने पर पीटरसन ने जो कारण बताए हैं, वो भी आपको जान लेना चाहिए.
पीटरसन को लगता है कि आरसीबी के स्पिनर्स और मिडिल ओवर्स की गेंदबाजी कमजोर है. टीम के लिए तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की फिटनेस सिरदर्द बन सकती है. पीटरसन ये कहते हैं कि गेंदबाज आपको चैंपियनशिप जिताते हैं. वहीं सीएसके, केकेआर और एसआरएच को लेकर पीटरसन ने साफ कर दिया कि चेन्नई, कोलकाता और हैदराबाद को खिताब का दावेदार बनने के लिए कुछ ‘असाधारण’ (Extraordinary) करना होगा, वरना वे इस रेस से बाहर हैं.

टॉस का रोल रहेगा अहम

पीटरसन ने इस सीजन में टॉस की भूमिका को सबसे अहम बताया है. उन्होंने कहा कि जिस तरह टीमें 200+ का स्कोर आसानी से चेज कर रही हैं, उसे देखकर पहली पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को समझ ही नहीं आ रहा कि ‘सेफ स्कोर’ क्या है. मतलब इस सीजन में टॉस उतना ही जरूरी है, जितनी आपकी टीम.

अब तक कौन टीमें जीतीं और कौन हारी?

आईपीएल 2026 में अब तक 6 टीमों ने जीत का स्वाद चख लिया है, जिनमें RCB, MI, RR, PBKS, DC और SRH के नाम शामिल हैं, जबकि CSK, KKR, GT और LSG को पहली जीत का इंतजार है.