Bihar Next CM: बिहार में नई सरकार के गठन होने को लेकर सियासी हलचल काफी तेज हो गई है। सीएम नीतीश कल मंगलवार (14 अप्रैल) को अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद 15 अप्रैल को राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। वहीं, भाजपा ने राज्य में नए नेता के चयन की तैयारी शुरू कर दी है। बिहार की राजनीति में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री पद पर कब्जा होने की उम्मीद है।
बीजेपी विधायक की बैठक कल
बीजेपी ने कल मंगलवार (14) अप्रैल को पार्टी कार्यालय में पार्टी विधायक की बैठक बुलाई है। इसकी जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दी है। उन्होंने बताया कि, पार्टी विधायकों की इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद बिहार में एनडीए यानी, भाजपा, जदयू, लोजपा (रा), हम और रालोजद विधायकों की बैठक के बाद नए बिहार मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। बता दें कि बिहार में अगले सीएम पद की रेस में तीन नेताओं का नाम सामने आ रहा है।
सम्राट बन सकते है बिहार के अगले ‘चौधरी’
नीतीश के इस्तीफा देने के बाद बीजेपी से मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे चल रहा है। बिहार की राजनीति में कोइरी (कुशवाहा) और कुर्मी जातियों का गठबंधन, जिसे आमतौर पर ‘लव-कुश समीकरण’ कहा जाता है, एक अत्यंत शक्तिशाली राजनीतिक धुरी है। इसे ध्यान में रखते हुए सम्राट चौधरी का नाम बिहार के अगले सीएम की तौर पर तय माना जा रहा है।
सबसे बड़ी बात यह है कि बतौर सीएम नीतीश कुमार की भी पहली पसंद सम्राट चौधरी ही बताए जा रहे हैं। बीजेपी उनकी पसंद को भी सीधे तौर पर नजरअंदाज नहीं कर सकती है। गौरतलब है कि राज्य के साथ-साथ केंद्र की सरकार में भी जदयू की अहम भूमिका है। वहीं, हालही में समाप्त हुई समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार बार-बार यह कहते हुए देखे गए कि अब सब कुछ सम्राट चौधरी ही संभालेंगे। वहीं, जदयू के कई नेताओं ने भी सम्राट चौधरी का नाम सीएम के तौर पर लिया है।
श्रेयसी सिंह बन सकती है बिहार की दूसरी महिला सीएम
सम्राट चौधरी के अलावा यदि सीएम की रेस में किसी नाम आगे सामने आ रहा है, तो वह जमुई से बीजेपी की विधायक श्रेयसी सिंह का है। कहा जा रहा है कि राबड़ी देवी के बाद श्रेयसी सिंह बिहार की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बन सकती हैं। गौरतलब है कि बीते 10 अप्रैल को श्रेयसी सिंह ने दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात भी की थी।
वहीं, संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर चर्चा से पहले दिल्ली के विज्ञान भवन में ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ का आयोजन किया गया, जिसे संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, महिलाओं में बढ़ते प्रतिनिधित्व की तारीफ करते हुए कहा कि, हमें देश की कोटि-कोटि माताओं बहनों का आशीर्वाद मिल रहा है। ऐसें सरकार को महिला हितैषी दिखाते हुए बीजेपी श्रेयसी सिंह को बिहार का सीएम बना सकती है।
लखेंद्र पासवान को सीएम बना चौंका सकती है बीजेपी
बिहार में बीजेपी से सीएम पद की रेस में तीसरा नाम दो बार के विधायक लखेंद्र पासवान का भी सामने आ रहा है। बीजेपी उन्हें सीएम बनाकर सभी को एक बार फिर अपने फैसले से चौंका सकती है। दरअसल लखेंद्र पासवान एक दलित चेहरा हैं और उन्हें जमीन से जुड़ा नेता माना जाता है। ऐसे में उनका नाम सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई। राज्यसभा पद की शपथ लेकर दिल्ली से पटना लौटने के बाद उन्होंने सीएम नीतीश से मुलाकात भी की थी, जिसने इन अटकलों को और हवा दे दी।
बता दें कि कल 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जंयती है, जिसे भारतीय संविधान के निर्माता, समाज सुधारक और दलितों के मसीहा के रूप में उनके समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के संघर्ष को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता है। ऐसे में मौके के दस्तूर को देखते हुए और दलित वर्ग को खुश करने के लिए बीजेपी लखेंद्र पासवान को भी बिहार का सीएम बना सकती है, जिसका फायदा उसे 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में भी मिल सकती है।
ये भी पढ़ें- ‘पूरा बिहार आज गमजदा…’, नीतीश के इस्तीफा देने से पहले भावुक हुए मांझी, बोले- आपके बिना…
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

