सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में बेखौफ चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पूरा मामला तुरकौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गोपाल चौक के पास की है, जहां चोरों ने दो ज्वेलर्स की दुकानों में सेंधमारी कर करीब 21 लाख के सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े। घटना शुक्रवार रात की है।

चोरी का पता उस समय चला, जब आज शनिवार की सुबह दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो वहां का नजारा देंख उनके होश उड़ गए। घटना को लेकर इलाके के व्यवसाइयों में दहशत और पुलिस के प्रति नाराजगी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने माधोपुर गोपाल चौक स्थित इंडियन बैंक के नीचे संचालित ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाया।

दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने तिजोरी तोड़कर उसमें रखे करीब 16 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवरात चुरा लिए। यह दुकान शंकर सरैया कसवा टोला निवासी टुनटुन साह की है। टुनटुन साह ने बताया कि, शुक्रवार शाम दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। शनिवार सुबह मकान मालिक शिव महतो ने उन्हें ताला टूटने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचने पर चोरी का पता चला। इसी चौक पर स्थित ध्रुव साह की एक अन्य ज्वेलर्स दुकान में भी सेंधमारी हुई। इस दुकान से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोना और चांदी के जेवरात चोरी होने की खबर है।

दुकानदार ध्रुव साह ने बताया कि, उनकी दुकान में यह दूसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी चोरी हुई थी, जिसका पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यवसाइयों में भारी आक्रोश है।

व्यवसाइयों का कहना है कि चौक पर बैंक और कई दुकानें होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त है। उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद तुरकौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ दुकानदारों से पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें- सौरभ मिश्रा को WhatsApp ग्रुप कॉल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे ससुराल वाले, परिजनों ने बहू और उसके परिवार पर लगाए गंभीर आरोप