विजय कुमार, जमुई। जमुई गैंगरेप के एक मामले में विशेष पॉक्सो कोर्ट ने कल मंगलवार को सख्त और ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने तीनों दोषियों को अंतिम सांस तक कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही हर आरोपी पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। यह फैसला विशेष पॉक्सो न्यायाधीश महेश्वर दुबे की अदालत ने सुनाया है।

23 दिन तक किया था गैंगरेप

दोषियों में मोहम्मद इमरान उर्फ चांद, मोहम्मद आफताब अंसारी और मोहम्मद सद्दाम हुसैन शामिल हैं। अदालत ने 37 पेज के फैसले में गवाहों के बयान, साक्ष्य और दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर तीनों को दोषी ठहराया है। कोर्ट ने 2 महीने में केस को स्पीडी ट्रायल चलाकर फैसला सुनाया है। अपराधियों ने 23 दिन तक नाबालिग के साथ गैंगरेप किया था।

1 दिसंबर 2025 को लापता हुई थी नाबालिग

दरअसल बीते साल 1 दिसंबर 2025 को जमुई के अलीगंज बाजार से एक 15 साल की नाबालिग लड़की लापता हो गई थी।करीब 23 दिन बाद, 24 दिसंबर 2025 को पुलिस ने उसे कटिहार के एक बंद कमरे से बरामद किया था। इस दौरान पीड़िता पूरी तरह से बेहोशी हालत में मिली थी। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया। एक सप्ताह तक चले इलाज के बाद पीड़िता स्वस्थ्य हुई। इसके बाद उसे उसके घर पर लाया गया। नाबालिग के साथ 23 दिनों तक गैंगरेप किया गया था।

खाने में देते थे सिर्फ 2 रोटी

पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया था, 1 दिसंबर को मुझे मार्केट से 3 लोगों ने एक कार में किडनैप कर लिया था। इसके बाद कटिहार लेकर आ गए थे। इस दौरान तीनों ने लगातार 23 दिनों तक मेरे साथ दुष्कर्म किया। मैं अपनी जान की भीख मांगती रही, लेकिन दरिंदों ने नहीं छोड़ा।

पीड़िता ने बताया कि, 23 दिनों तक मुझे खाने में दिन की सिर्फ 2 रोटी दी जाती थी। धीरे-धीरे मैं कमजोर होने लगी थी। इस बीच भी वो मेरा रेप करते रहे। 23 दिनों बाद जब मेरे शरीर में बिल्कुल जान नहीं बची तो वो मुझे कमरे में छोड़कर भागने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

मां को किया था धमकी भरा फोन

लड़की ने आरोप लगाया कि मोहम्मद इमरान मुझे अलीगंज से ले गया था, जहां इमरान और आफताब ने मेरे साथ दुष्कर्म किया। बाद में मुझे सद्दाम के हवाले कर दिया गया था। इस दौरान मेरी मां को धमकी भरा फोन भी किया गया था, जिसमें कहा गया कि उसकी बेटी वापस नहीं आएगी।

इस दौरान परिवारवालों ने थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत की थी। वहीं, धमकी भरे कॉल के बाद पुलिस की टीम एक्टिव हुई और उन्होंने कॉल ट्रेस कर आरोपी की तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस ने कटिहार से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

17 जनवरी को पुलिस ने दाखिल किया चार्जशीट

इस मामले में 17 जनवरी 2026 को पुलिस ने आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया। इसके बाद 22 जनवरी को न्यायालय ने संज्ञान लिया। 27 जनवरी को न्यायालय के आदेश पर गवाहों की सूची तैयार कर विशेष लोक अभियोजक मनोज शर्मा द्वारा गवाही की प्रक्रिया शुरू कराई गई। पीड़ित पक्ष की ओर से पीड़िता, उसकी मां, डॉक्टर नम्रता सिन्हा, संबंधित पुलिस पदाधिकारी और स्कूल के प्रिंसिपल सहित कई महत्वपूर्ण गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इससे मामले को मजबूत आधार मिला।

डीएम-एसपी के पत्र पर शुरू हुआ स्पीडी ट्रायल

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने संयुक्त रूप से पत्र भेजकर पोक्सो न्यायालय से इस जघन्य कांड का शीघ्र निष्पादन करने का आग्रह किया था। इस पर विशेष पॉक्सो न्यायाधीश महेश्वर दुबे ने संज्ञान लेते हुए मामले को प्राथमिकता दी और स्पीडी ट्रायल की प्रक्रिया शुरू कर दी। 19 फरवरी से 28 फरवरी तक दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं। अभियोजन और बचाव पक्ष की बहस के बाद न्यायालय ने सभी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और प्रस्तुत तथ्यों का गहन परीक्षण किया। इसके बाद 16 मार्च 2026 को विशेष न्यायाधीश महेश्वर दुबे ने तीनों अभियुक्तों को दोषी ठहराया।

24 मार्च को सुनाई गई सजा

दोषसिद्धि के बाद कल 24 मार्च 2026 को पॉक्सो की विशेष अदालत ने तीनों दोषियों को सख्त सजा सुनाई। अदालत ने नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 (2) और 96 के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और 17 के तहत सजा निर्धारित की।

इन धाराओं में अधिकतम मृत्युदंड का प्रावधान है, जबकि न्यूनतम सजा 20 वर्ष या अंतिम सांस तक आजीवन कारावास तक हो सकती है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कठोर दंड निर्धारित किया।महज दो महीने के अंदर चार्जशीट, गवाही, बहस और फैसला पूरा होना न्याय व्यवस्था की तत्परता को दर्शाता है। इस फैसले को न केवल पीड़िता के लिए न्याय, बल्कि समाज में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- दुखद: जमुई में पूजा कर लौट रही दो बहनों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंदा, मौके पर मौत, आक्रोशित लोगों ने जाम किया सड़क