Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर में कल रविवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां कोसी नदी में नहाने गए 5 दोस्तों में से 3 दोस्तों की नदी में डूबने से मौत हो गई। वहीं, दो दोस्तों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना जिले के बिहपुर प्रखंड महेशपुर गांव की है।

मृतक युवकों की पहचान महेशपुर गांव के वार्ड नंबर 13 निवासी लक्ष्मण कुमार (13), युवराज कुमार (14) और नयन कुमार (12) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार की दोपहर सभी 5 दोस्त एक साथ नदी में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए, जिसमें 3 दोस्तों की नदी में डूबने से मौत हो गई। वहीं, दो अन्य दोस्त किसी तरह गहरे पानी से अपने को बचाते हुए बाहर निकलने में सफल रहें और गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी।

घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण नदी पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। मौके पर पहुंची नदी थाने की पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। एनडीआरएफ की टीम ने काफी प्रयास के बाद तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाला, जिनका पंचनामा करने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में एनडीआरएफ की स्थायी टीम नहीं रहने के कारण राहत और बचाव कार्य शुरू होने में देर हो जाती है। इस घटना में भी टीम को आने में कई घंटे लग गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में लगी हुई है।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी: AC लदे चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान, जलकर खाक हुआ वाहन