गाजियाबाद की हाईराइज बिल्डिंग से तीन सगी बहनों के कूदकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि 5 खतरनाक मोबाइल गेम्स ने इन बच्चियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित किया और उनकी मौत का कारण बने। अब गाजियाबाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर इन मोबाइल गेम्स पर तुरंत बैन लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि ऐसे गेम्स बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं और उनके प्रतिबंध से इसी तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।

सुसाइड नोट में मिले इन 5 गेम्स के नाम

DCP निमिष पाटिल ने बताया कि बच्चियों के सुसाइड नोट में 5 गेमिंग ऐप्स का जिक्र था, जो उनके मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहे थे। पुलिस ने उत्तर प्रदेश सरकार से सिफारिश की है कि इन गेम्स पर तुरंत बैन लगाया जाए, साथ ही यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भी भेजा जाएगा।

बताया जा रहा है ये 5 गेम्स:

पॉपी प्लेटाइम

द बेबी इन यलो

ईविल नन

आइस क्रीम मैन

आइस गेम

पुलिस का कहना है कि बच्चों को लक्षित ऐसे खतरनाक गेम्स उनके मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं, और इन पर प्रतिबंध लगाने से इसी तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।

कोरियाई ड्रामा और 3 साल का अकेलापन

जांच में यह भी सामने आया है कि ये तीनों बहनें कोरियाई पॉप कल्चर और के-ड्रामा की जबरदस्त लत की शिकार थीं। वे घंटों तक मोबाइल पर वीडियो देखती रहती थीं। परिवार के अनुसार, बच्चियों ने पिछले 3 साल से स्कूल जाना छोड़ दिया था और वे पूरी तरह मोबाइल और ऑनलाइन कंटेंट की दुनिया में खो गई थीं।

पुलिस का कहना है कि बच्चों को लक्षित ऐसे खतरनाक गेम्स और अत्यधिक ऑनलाइन कंटेंट उनके मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। जांच जारी है और पुलिस डिजिटल ट्रेल का विश्लेषण कर रही है कि और कौन-कौन से ऐप्स और कंटेंट बच्चों को प्रभावित कर रहे थे।

क्या छोटे बच्चों के लिए मोबाइल असाइनमेंट बंद हों?

घटना की गंभीरता को देखते हुए, यूपी राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश देने की बात कही है कि स्कूलों को कक्षा 5 तक के बच्चों को मोबाइल फोन पर प्रोजेक्ट या असाइनमेंट भेजने से रोका जाए, ताकि बच्चों की मोबाइल लत को कम किया जा सके।

क्या है पूरा मामला?

गाजियाबाद की हाईराइज सोसाइटी में तीन सगी बहनों ने 4 फरवरी की रात करीब 2 बजे 9वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने अब तक की जांच में किसी बाहरी साजिश के सबूत नहीं पाए हैं और इसे आत्महत्या का मामला मानकर ही जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m