Bihar Road Accident: बिहार के अररिया में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 3 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार की रात नपरतगंज थाना क्षेत्र के पलासी के पास की है, जहां जोगबनी मोड़ NH 27 पर तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार तीन युवकों को बुरी तरह रौंद दिया। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही तीनों युवकों की मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस तीनों युवकों को लेकर फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

सुपौल के थे तीनों मृतक

सभी मृतक युवक सुपौल के जिले के रहने वाले हैं। मृतकों की पहचान जिले के राघोपुर वार्ड संख्या 17 निवासी मो. अरबाज, राघोपुर वार्ड संख्या 12 निवासी समीर और सुपौल के गणपतगंज निवासी अशरफ के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार तीनों मृतक जोगबनी से लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और वे हादसे का शिकार हो गए। तीनों युवकों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा है।

घटना पर एसडीपीओ का बयान

घटना के संबंध में फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश शाह ने बताया कि, जोगबनी की तरफ से आ रही ट्रक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मारी है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में लगी हुई है, जिसके आधार पर ट्रक, ट्रक मालिक और ट्रक ड्राइवर की पहचान की जा सके।

परिजनों में मचा कोहराम

उधर हादसे की खबर सुनते ही मृतक युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया। घरवालों को रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। ईद के एक दिन बाद घटे इस भीषण घटना से परिजनों के साथ ही पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया है।

ये भी पढ़ें- बिहार में लगता है ‘भूतों का मेला’! रोहतास के घिन्हू ब्रह्म स्थान पर नवरात्र में दिखता है हैरान करने वाला नजारा