MP Morning News: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज बैक टू बैक कई कार्यक्रम और बैठकों में शामिल होंगे। वे सुबह 11 से दोपहर 1:10 बजे तक मंत्रालय में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। दोपहर 1:15 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुजालपुर नगर पालिका शताब्दी समारोह शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे वी.सी. के माध्यम से ‘आगामी जल गंगा संवर्धन अभियान’ की बैठक, दोपहर 3 बजे वी.सी. के माध्यम से ‘जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम’ में शामिल होंगे। शाम 5 बजे मंत्रालय से सीएम हाउस के लिए रवाना होंगे।

गिद्धों की संख्या 14 हजार के पार!

मध्य प्रदेश में गिद्धों की संख्या 14 हजार के पार पहुंच गई है। वन विभाग के तीन दिन के सर्वे में यह आंकड़े सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट फाइनल होने के बाद यह संख्या बढ़ सकती है। आपको बता दें कि इससे पहले यानी पिछली गणना में 12 हजार 981 गिद्ध मिले थे।

आज पुलिस जवान खेलेंगे होली

भोपाल में आज पुलिस जवान होली खेलेंगे। पुलिस लाइन नेहरू नगर में सुबह 10 बजे ‘पुलिस होली मिलन समारोह’ होगा। आपको बता दें कि पुलिस होली के दूसरे दिन त्योहार मनाती है। क्यों कि होली के दिन सुरक्षा में तैनात रहती है।

राजधानी में होली पर हत्या

भोपाल में होली पर अरविंद उर्फ छोटू मीणा नामक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पेट में चाकू मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। यह घटना बेस्ट प्राइस चौराहे के पास की है। निशातपुरा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है।

इंदौर एयरपोर्ट की बाउंड्री में लगी आग

इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में भीषण आग लग गई। देवी अहिल्या होलकर एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। झाड़ियों में लगी आग की लपटें काफी दूर से दिखाई दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और दमकल की पांच से ज्याादा गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दतिया में नहर में डूबा युवक

होली के दिन दतिया के राजघाट नहर में नहाते समय एक युवक बह गया। बताया जा रहा है कि झांसी निवासी राहुल यादव अपने साथियों के साथ रतनगढ़ दर्शन करने जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल रेस्क्यू जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m