अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहर में उधारी के विवाद ने उस वक्त खतरनाक मोड़ ले लिया, जब मुनगा खरीदी करने पहुंचे एक सब्जी व्यापारी पर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि पिकअप वाहन में भरकर आए हमलावरों ने दुकान में घुसकर व्यापारी के साथ जमकर मारपीट की और उसकी जेब से नकदी भी छीन ली। पूरी वारदात ओम ट्रेडर्स में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बेरहमी से मारपीट कर लूट का वीडियो वायरल होने के बाद 10 से अधिक लोगों कें खिलाफ मामले दर्ज हुए है। 

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चुनिया दादरी मोड़ निवासी गोविंद प्रसाद पटेल मुनगा खरीदी के सिलसिले में ओम ट्रेडर्स पहुंचे थे, यहां उन्होंने कल्लू पटेल से करीब 20 किलो मुनगा खरीदा और उसका भुगतान भी कर दिया। इसी दौरान कल्लू पटेल ने पुराने 20 हजार रुपये के बकाये की मांग शुरू कर दी। गोविंद द्वारा कुछ दिनों की मोहलत मांगने पर विवाद बढ़ गया और बात गाली-गलौज तक जा पहुंची। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद कल्लू पटेल अपने बेटे राहुल, आकाश, भाई संदीप और अन्य साथियों के साथ पिकअप (MP 18 GA 3428) में सवार होकर दुकान पर आ धमका। आते ही सभी ने गोविंद को घेर लिया और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में व्यापारी की आंख, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये भी छीन लिए। घटना के दौरान कर्मचारी भागीरथी बैगा सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर दबंगई दिखाते हुए फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह कई लोग मिलकर एक अकेले व्यक्ति पर हमला कर रहे हैं।

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कल्लू पटेल, राहुल, आकाश, संदीप, पिंटू, विकास कुशवाहा सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराते हुए फुटेज जब्त कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक मारपीट का मामला आया था, जिस पर 7 खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है जबकि कुछ अन्य के खिलाफ भी मामला दर्ज कर मामले में वैधानिक कार्यवाही की गई है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m