कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में बपदी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। एक प्राइवेट स्कूल बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और बस के पहिए उनके ऊपर से गुजर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया।
मृतकों की पहचान जिया लाल (52) और लाल सिंह (56), निवासी शेरगढ़ (जिला करनाल) के रूप में हुई है। दोनों दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, वे लाडवा से राशन लेकर शाम करीब 4 बजे बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बपदी रोड पर एक निजी स्कूल की बस ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
बस का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर लगते ही दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए और बस के पिछले पहिए उनके ऊपर से गुजर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही लाडवा के डीएसपी निर्मल सिंह और थाना प्रभारी गुरनाम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में भिजवाया।
बस चालक मौके से फरार
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद आरोपी बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
परिवार की बात करें तो जिया लाल अपने पीछे पत्नी बबली और बेटे राहुल को छोड़ गए हैं। राहुल ने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया है और इन दिनों उसकी शादी की बातचीत चल रही थी। वहीं लाल सिंह अपने पीछे पत्नी हुक्मी और बेटे सुखबीर को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन व ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

