पटना। बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 का विज्ञापन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी तेज हो गई है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने 16 फरवरी को पटना में महाआंदोलन और विधानसभा मार्च की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में बीपीएससी द्वारा जारी वार्षिक कैलेंडर में टीआरई-4 का कोई उल्लेख नहीं है, जिससे लाखों अभ्यर्थी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

बार-बार आश्वासन, लेकिन विज्ञापन नहीं

दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री और संबंधित अधिकारियों द्वारा 10–15 दिनों में वैकेंसी जारी करने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं हुआ। कभी 1.20 लाख, कभी 1 लाख, तो कभी 90 हजार और 80 हजार पदों पर भर्ती की बात कही गई, परंतु ठोस निर्णय सामने नहीं आया।

उम्रसीमा पार होने की चिंता

अभ्यर्थियों का कहना है कि लगातार देरी के कारण हजारों उम्मीदवारों की आयु सीमा समाप्त होने की कगार पर है। दो वर्षों से वैकेंसी की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हस्तक्षेप कर सभी रिक्त पदों पर शीघ्र टीआरई-4 का विज्ञापन जारी कराने की मांग की है।

पटना कॉलेज से शुरू होगा मार्च

आंदोलन की रूपरेखा के अनुसार 16 फरवरी को पटना कॉलेज से मार्च की शुरुआत होगी, जिसके बाद अभ्यर्थी विधानसभा का घेराव करेंगे। आयोजकों का दावा है कि बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी इस आंदोलन में शामिल होंगे।