सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में आज सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल कोटवा थाना क्षेत्र के पास नेशनल हाइवे से गुजर रही एक ट्रक में अचानक आग लग गई, जिससे ट्रक में लदा हुआ एसी धू-धूकर जलने लगा। इस घटना में जहां ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। वहीं, ट्रक में लदे एसी को सुरक्षित निकाल लिया गया। ट्रक के चालक और उप चालक दोनों सुरक्षित हैं।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक में गोदरेज कंपनी का एसी लदा हुआ थो, जो दिल्ली से लदकर पिपराकोठी की ओर जा रहा था। इस बीच ट्रक जैसे ही जिले के कोटवा कदम के पास पहुंचा उसमें आग लग गई। देखते-देखते आग की लपटें तेज हो गईं, जिसने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। चालक और उपचालक दोनों ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ट्रक में लदे एसी को बाहर निकालने में जुट गई। आग की लपटों के बीच कई एसी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग के विकराल रूप को देखते हुए दमकल विभाग को भी बुलाया गया, लेकिन जबतक दमकल विभाग की गाड़ी पहुंचती और आग पर काबू पाती तब तक पूरा ट्रक जलकर खाक हो चुका था।

ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बनने पर CM नीतीश ने टीम इंडिया को दी बधाई, बिहार के लाल ईशान किशन का किया विशेष आभार