Patna Road Accident: राजधानी पटना में आज सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना जिले के भगवानगंज थाना क्षेत्र के खैनिया गांव की है। हादसे के समय दोनों भाई ट्यूशन से पढ़कर घर की ओर लौट रहे थे। इस दौरान बीच रास्ते में ही ईंट लदे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इलाके में भी मातम का माहौल छाया हुआ है।

एक की मौके पर मौत, एक ने रास्ते में तोड़ा दम

मृतक बच्चों की पहचान खैनिया गांव निवासी मोहम्मद जुबैद के बेटे अरशद आलम (10) और अनश आलम (8 ) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि, ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के दौरान दोनों बच्चे ट्रैक्टर की अपेट में आ गए। इस दौरान जहां, एक बच्चे की मौके पर ही मौत होई। वहीं, दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे घटनास्थल पर मौजूद लोग तुरंत अस्पताल ले जाने में जुट गए, लेकिन अस्पताल ले जाने के क्रम में बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों में मचा कोहराम

पल भर में दो भाइयों की मौत से गांव में मातमी माहौल छा गया। वहीं, परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया कि, उनके यही दो बेटे थे, जिनसे घर में खुशी बनी रहती थी। लेकिन अब उनकी मौत से सबकुछ बर्बाद हो गया है। हादसे के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। वहीं, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर हंगामा करना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव

इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने ईंट से लदे ट्रैक्टर को बीच सड़क पर ही रोक दिया और चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग काफी गुस्से में थे। वह किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग करना शुरू कर दिया, जिसेस वह भड़क गए और ट्रैक्टर पर लदे ईंट से पुलिस पर पथराव कर दिया।

कई थानों की पुलिस पहुंची

हालात बिगड़ता देख प्रशासन को मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद कई थानों की पुलिस पहुंची तब जाकर हालात काबू में हुआ। मौके पर पुलिस अधिक्षक कोमल मीणा भी पहुंची और वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों से बात कर उग्र माहौल को शांत कराया।

ट्रैक्टर चालक की तलाश में छापेमारी जारी

घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस हादसे के बाद खैनिया गांव में गम और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों की मांग है कि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए।

ये भी पढ़ें- बिहार में शराब माफियाओं और पुलिस के बीच एनकाउंटर, सारण जहरीली कांड मामले में सप्लयार को लगी गोली, 5 लोगों की हुई थी मौत