प्रदीप मालवीय, उज्जैन। महाकाल मंदिर परिसर में स्थित महानिर्वाणी अखाड़े की महंत गादी को लेकर आज एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। महंत गादी पर विनीत गिरी महाराज ही बने रहेंगे। यह निर्णय अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज के नेतृत्व में अखाड़े के पंचों द्वारा लिया गया। इसमें खास बात यह है कि महंत गादी पर अभी तक विनीत गिरी महाराज ही बने हुए थे परंतु स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। महंत विनीत गिरी के इस्तीफे के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था।
भस्म श्री पंचायती महा निर्वाणी अखाड़े के महंत गादी पति ही चढ़ाते
दरअसल विनीत गिरी महाराज ने ही अपने स्वास्थ्य कारणों के चलते पद से हटने की बात कही थी। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग विश्व प्रसिद्ध है। इसके साथ ही यहां होने वाली भस्म आरती भी आकर्षण का केंद्र बनी रहती है। भस्मारती में शामिल होने के लिए देश ही नहीं विदेशों से भी श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में परंपरा अनुसार भस्मारती के दौरान बाबा महाकाल को भस्म श्री पंचायती महा निर्वाणी अखाड़े के महंत गादी पति ही चढ़ाते हैं।
बैठक में महंत गादी का निर्णय लिया
महाकालेश्वर मंदिर परिसर में स्थित महानिर्वाणी अखाड़े में आज अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष व श्री पंचायती महा निर्वाणी अखाड़ा सचिव श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, सचिव महंत जमना पुरी महाराज, सचिव महंत रमेश गिरी महाराज, मृत्युंजय भारती महाराज , मनोज गिरी महाराज, महंत प्रेमपुरी महाराज, दिगंबर करण गिरी महाराज व दिगंबर गोपाल गिरी महाराज ने बैठक कर महंत गादी का निर्णय लिया।
आगामी कुंभ मेला भी उन्हीं के नेतृत्व में
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष व श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्माणी के सचिव महंत रवींद्र पुरी महाराज ने मीडिया से कहा कि विनीत गिरी महाराज को स्वास्थ्य की दिक्कत थी। इसलिए उन्होंने पंच परमेश्वर के सामने एक कार्यमुक्ति का निवेदन किया था। परंतु बाबा महाकाल की इच्छा के बिना ना कोई कार्यमुक्त हो सकता है, ना कार्ययुक्त। इसलिए श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्माणी की कमेटी ने यह निर्णय लिया है कि महंत विनीत गिरी ही गादी पर बने रहेंगे और आगामी कुंभ मेला भी उन्हीं के नेतृत्व में होगा।
सिहस्थ महाकुंभ को लेकर समय-समय पर बैठकें होगी
सिहस्थ महाकुंभ वर्ष 2028 के विकास कार्यों को लेकर रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि विकास को लेकर अधिकारियों से चर्चा होती रहती है। अखाड़े की तरफ से पूरा सहयोग है। सिंहस्थ मेला अधिकारी हरिद्वार आए थे तब भी उनसे वार्तालाप हुआ था। यहां सरकार जो निर्माण कार्य कर रही है वह काफी अच्छे हैं। 2 वर्ष शेष है समय-समय पर बैठकें होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

