देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के अंतर्गत उत्तर-पूर्वी राज्यों के युवाओं से संवाद किया. ये युवा तीन दिवसीय राज्य भ्रमण कार्यक्रम के तहत देहरादून से उत्तरकाशी की यात्रा पर आए हुए हैं. इस दौरान इन छात्रों ने मुख्यमंत्री से कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे. मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ विस्तारपूर्वक सभी सवालों के जवाब दिए.
त्रिपुरा की एक छात्रा द्वारा छात्रों की सुविधा और सुरक्षा के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में देश-विदेश से छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं और उनकी सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अरुणाचल प्रदेश के एक छात्र की ओर से उत्तराखण्ड और उत्तर-पूर्वी राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों क्षेत्रों की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियां काफी हद तक समान हैं, जिससे “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को और मजबूती मिलती है.
इसे भी पढ़ें- धामी’राज’ में बेलगाम अपराधीः लगातार बढ़ रही हत्या, लूट, डकैती और अपराध की घटनाएं, यशपाल आर्य ने सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर के कत्ल को लेकर सरकार को घेरा
उत्तराखण्ड में महिलाओं की भूमिका पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में दो लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार ने 19 हजार करोड़ रुपये का जेंडर बजट निर्धारित किया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी छात्र-छात्राओं का देवभूमि उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए कहा कि “अष्टलक्ष्मी” कहे जाने वाले उत्तर-पूर्वी राज्यों एवं लद्दाख जैसे हिमालयी क्षेत्रों से आए युवाओं के बीच उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत हर्ष की अनुभूति हो रही है. उन्होंने कहा कि ये सभी युवा अपने-अपने राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विशिष्ट पहचान के साथ उत्तराखण्ड को और अधिक समृद्ध बनाने आए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न वेशभूषा, भाषाएं, परंपराएं और जीवनशैली भारत की “विविधता में एकता” की भावना को साकार करती हैं और यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने उत्तर-पूर्वी राज्यों की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश की बर्फीली चोटियां, असम के चाय बागान, मणिपुर की लोकतक झील, मेघालय के पर्वत, मिजोरम की वादियां, नागालैंड की परंपराएं, सिक्किम की कंचनजंगा, त्रिपुरा की विरासत और लद्दाख की हिमालयी सुंदरता भारत की विविधता को विशेष पहचान देती हैं.
इसे भी पढ़ें- अब बदमाशों की खैर नहीं! CM धामी ने कानून-व्यवस्था को लेकर अपनाया सख्त रुख, प्रदेशभर में उठाए जाएंगे अब ये कदम…
मुख्यमंत्री ने कहा कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के तहत ये युवा वास्तव में देश के सच्चे ब्रांड एंबेसडर हैं, जो विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं. उत्तराखण्ड और उत्तर-पूर्वी राज्य प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध हैं और दोनों क्षेत्रों में पहाड़, नदियां, जंगल और जनजातीय जीवनशैली का अद्भुत संगम देखने को मिलता है. उत्तराखण्ड की तरह ही उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी लोक संस्कृति पूरी जीवंतता के साथ संरक्षित है. उत्तराखण्ड के पारंपरिक मेले-त्योहारों की तरह उत्तर-पूर्व में मनाए जाने वाले बिहू, शाद सुक माइनसिएम, चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल और नोंगक्रेम जैसे त्योहार सांस्कृतिक समृद्धि के प्रतीक हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर-पूर्वी राज्य आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं. बीते वर्षों में नॉर्थ ईस्ट में इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, व्यापार, पर्यटन और डिजिटल सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं. पिछले 11 वर्षों में 800 से अधिक बार केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नॉर्थ ईस्ट का दौरा किया गया है और “Look East” नीति को “Act East” में परिवर्तित कर क्षेत्र को विकास की मुख्य धारा में लाया गया है.
इसे भी पढ़ें- गुणवत्ता से समझौता नहीं! 55.52 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का CM धामी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पूर्वोत्तर में हजारों किलोमीटर हाईवे, रेलवे लाइन, एयरपोर्ट्स, गैस ग्रिड, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क तथा मेगा परियोजनाओं का विकास किया गया है. भारत-म्यांमार-थाईलैंड ट्राई-लेटरल हाईवे, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स हब और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने वाली परियोजनाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. युवाओं को राष्ट्र निर्माण की शक्ति मानते हुए केंद्र सरकार द्वारा स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से अवसर प्रदान किए जा रहे हैं. नॉर्थ ईस्ट में शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है, जिसमें नए विद्यालय, मेडिकल कॉलेज, संस्थान और खेल अवसंरचना शामिल है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

