देहरादून। पूर्व सीएम हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के विरुद्ध भाजपा का दंद-मंद, छंद-रंद सब समझ में आ रहा है, क्योंकि वह भाजपा के एक विकल्प हैं। बल्कि मैं कहूं, एकमात्र स्थापित विकल्प हैं। मैं अब केवल एक वैचारिक चुनौती हूं, उससे अधिक मैं न करने की स्थिति में हूं, न पार्टी उससे अधिक मुझसे अपेक्षा करती है! फिर भी मैं देखता हूं कि एक धाकड़ धामी पेज और ऐसे दो और पेज पहले से ही भाजपा ने मुझे समर्पित कर रखे हैं, जो हर हालत में मेरे हर कदम, चाहे वह सनातन की दिशा में उठ रहा कम क्यों न हो—उसको भी कहीं न कहीं मुस्लिम आवरण पहनाकर लोगों के सम्मुख दिखाते हैं।

उनके पास केवल मुसलमानों का सहारा

हरीश रावत ने कहा कि शायद भाजपा को ऐसा लगता है कि हरीश रावत का मुकाबला करने के लिए उनके पास केवल मुसलमानों का सहारा है। अन्यत्र स्थिति में वह मेरे वैचारिक मुकाबले में अपने आपको बहुत कमजोर पाते हैं। इधर मैं देख रहा हूं कि अब दो और पेज, भाजपा स्पॉन्सर्ड पेज, उन्होंने मुझे डेडिकेट कर दिए हैं। एक प्रकार से चार-पांच पेज ऐसे हैं, जिनमें हजारों ट्रॉलर्स उन्होंने खड़े कर रखे हैं, जो केवल-केवल मुझ पर प्रहार करते हैं।

मेरा ऐसा हिंदू होना अपराध

हरीश रावत ने आगे कहा कि मेरी उत्तराखंड आधारित सोच पर प्रहार नहीं करते हैं। देश के लिए, देश की सामाजिक संरचना के विषय में मेरी जो सोच है, उस पर प्रहार नहीं करते हैं। केवल कुछ झूठों का सहारा लेकर वह मुझे अपने हिंदू-मुसलमान के पैमाने पर खड़ा करना चाहते हैं। शायद उनकी नजर में मेरा ऐसा हिंदू होना अपराध है, जो हिंदू सबसे प्यार करता है, जो अच्छाई के साथ खड़ा है, जो सहिष्णुता और सद्भावना के साथ खड़ा है, जिसके विचार समावेशी हैं—भाजपा को वह अपने विरोधी लगते हैं। वर्ष 2014 से 2017 तक मैं मुख्यमंत्री रहा। केवल प्रारंभिक 1 साल, जब मैं आपदा से जूझ रहा था, तब थोड़ी शांति रही। यह अलग बात रही कि उसमें मैं एक भयंकर एक्सीडेंट का शिकार हो गया। मगर ज्यों ही हम चारधाम यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने और उसके बाद अर्ध कुंभ, कांवड़ यात्रा, नंदा राज जात यात्रा का सफलतापूर्वक आयोजन करने में सफल हुए, तो भाजपा व केंद्र सरकार ने मेरे ऊपर बमबार्डमेंट शुरू कर दिया।

READ MORE: ‘आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए…’, CM धामी ने खाद्य और रसद व्यवस्था की निगरानी के लिए की विशेष तैनाती, कहा- खाद्यान्न, LPG की कमी न हो

मेरे ऊपर बमबार्डमेंट शुरू कर दिया।

READ MORE: उत्तराखंड बजट सत्र का आज चौथा दिन, सदन में चल रहा प्रश्न काल, गैस संकट के मुद्दे पर हो सकता है हंगामा

एक झूठा बम 2017 में फोड़ा गया

हरीश रावत ने आगे कहा कि इतने खतरनाक बम तो अमेरिका, ईरान पर नहीं डाल रहा है, जितना खतरनाक बमों का इस्तेमाल 2016 से केंद्र सरकार व भाजपा ने मेरे ऊपर प्रारंभ किया। उन्हीं बमों के सिलसिले में एक झूठा बम 2017 में फोड़ा गया—शुक्रवार की नमाज़ की छुट्टी का। 2022 में फिर दूसरा झूठा बम मुस्लिम यूनिवर्सिटी का फोड़ा गया और मुझे अब यह लग रहा है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व यह मानकर चल रहा है कि तभी उत्तराखंड के अंदर उनके कदम आगे बढ़ सकते हैं, जब वह हरीश रावत पर प्रहार करेंगे।

READ MORE: LPG सप्लाई को लेकर बन रही स्थिति के बीच सीएस ने ली बैठक, कहा- प्रदेश में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक

हम कभी सुख-चैन से नहीं रह पाएंगे

अमित शाह ने मेरा नाम लेकर बमबार्डमेंट किया। मैं आभारी हूं कि उन्होंने मुझे उत्तराखंड कांग्रेस का प्रतीक माना और मेरा नाम लेकर मुझ पर, कांग्रेस पर प्रहार किया। लोकतंत्र के अंदर हम उनके प्रहार का जवाब देंगे। मगर झूठ, फरेब, पाखंड पर आधारित झूठ समाज के लिए विषैला होता है और समाज की आवश्यकता कांग्रेस को भी पड़ेगी, भाजपा को भी पड़ेगी। हम एक छोटा राज्य हैं। यदि हम सहिष्णु राज्य रहेंगे, सद्‌भावी राज्य रहेंगे, तो बहुत तरक्की करेंगे। यदि हम बंटे हुए, असहिष्णु राज्य रहेंगे, घृणा और नफरत पर आधारित राज्य रहेंगे, तो हम कभी सुख-चैन से नहीं रह पाएंगे, तरक्की नहीं कर पाएंगे।

इसलिए मैं राज्य की तरक्की के हित में भाजपा को सलाह देना चाहता हूं कि आप हरीश रावत से राजनीतिक घृणा करो, उसको अपना राजनीतिक प्रतिद्वंदी मानो। मगर जिस आधार को बनाकर आप मेरा विरोध करते हैं, उससे आप हरीश रावत को कमजोर करने के साथ-साथ आप समाज को भी कमजोर कर रहे हैं, उत्तराखंड को भी कमजोर कर रहे हैं।