Fastest century in T20 World Cup : पहला टी20 विश्व कप 2007 में हुआ था, तब टीम इंडिया चैंपियन बनी थी. तब से लेकर अब तक 9 एडिशन हो चुके हैं. 2026 में दसवां एडिशन चल रहा है. इस टूर्नामेंट में एक ऐसा महारिकॉर्ड बना था, जो पिछले 10 साल से अमर है. इस रिकॉर्ड को कोई भी बैटर नहीं तोड़ पाया.

Fastest century in T20 WC: इन दिनों भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर टी20 विश्व कप 2026 चल रहा है. इन दिनों सुपर 8 की जंग हो रही है. 24 फरवरी की शाम इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से मात देकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया. वो सेमीफाइनल में एंट्री लेने वाली इस एडिशन की पहली टीम बन चुकी है. कप्तान हैरी ब्रूक ने 51 बॉल पर 10 चौके और 4 छक्के लगाकर शतक ठोका. टी20 करियर में उनकी ये पहली सेंचुरी है. इस पारी के दम पर वो टी20 विश्व कप का एक महारिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए. अगर 4 बॉल पहले उन्होंने 100 रन पूरे किए होते तो वो इतिहास रच देते और टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ देते, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.
टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड पिछले 10 साल से अमर है. यह उस खिलाड़ी ने बनाया था, जिसे सिक्स हिटर कहा जाता है. उसके नाम टी20 क्रिकेट में 1000 से ज्यादा छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है. हालांकि इस एडिशन में वो नहीं खेल रहा है, क्योंकि सालों पहले संन्यास ले चुका है.
किसने लगाया है सबसे तेज शतक
टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड किसी और के नाम नहीं बल्कि वेस्टइंडीज के पूर्व तूफानी ओपनर क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 2016 के टी20 विश्व कप में यह कमाल किया था. क्रिस गेल ने 16 मार्च 2016 को इंग्लैंड के खिलाफ एक टी20 वर्ल्ड कप मैच में 47 गेंदों में शतक मारा था. उस पारी में 11 छक्के और 4 चौके शामिल थे. ब्रूक के नाम संयुक्त रूप से दूसरा फास्टेस्ट शतक दर्ज हो गया है. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 50 बॉल पर यह कमाल किया.
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल – 47 गेंद पर शतक – विरुद्ध इंग्लैंड (16 मार्च 2016)
- हैरी ब्रूक – 50 गेंद पर शतक – विरुद्ध पाकिस्तान (24 फरवरी 2026)
- क्रिस गेल – 50 गेंद पर शतक – विरुद्ध साउथ अफ्रीका (11 सितंबर 2007)
- ब्रैंडन मैक्कुलम – 51 गेंद पर शतक – विरुद्ध बांग्लादेश (21 सितंबर 2012)
- राइली रॉसौ – 52 गेंद पर शतक – विरुद्ध बांग्लादेश (27 अक्टूबर 2022)
- अहमद शहजाद – 58 गेंद पर शतक – विरुद्ध बांग्लादेश (30 मार्च 2014)
वेस्टइंडीज ने जीता था मैच
क्रिस गेल ने जिस मुकाबले में 47 बॉल पर शतक लगाया था, उसमें वेस्टइंडीज को जीत के लिए 183 रनों का लक्ष्य मिला था. जिसका पीछा करते हुए गेल के जोड़ीदार जॉनसन चार्ल्स बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे. फिर मार्लन सैमुअल्स ने 37 रन, आंद्रे रसेल ने 16 और दिनेश रामदीन ने 12 रनों का योगदान दिया था. एक छोर से गेल बाउंड्री की बारिश करते रहे थे और विंडीज ने 11 गेंद रहते ही 6 विकेट से मैच जीत लिया था.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


