फाजिल्का. फाजिल्का के गांव ठुगनी में एक नवजात बच्चे को बेचने का मामला सामने आया है। बच्चे की मां और रिश्तेदारों ने बच्चे के मामा पर आरोप लगाया है। आरोप है कि उसने नशे की लत पूरी करने के लिए आशा वर्कर के साथ मिलीभगत की और बच्चे को 1.50 लाख रुपये में बेच दिया। हालांकि, आशा वर्कर ने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
बच्चे की मां अमरजीत कौर ने कहा कि उनके दो महीने के बच्चे को उनके नशेड़ी मामा ने गांव की आशा वर्कर, बिमला रानी के साथ मिलकर बेच दिया था। इस संबंध में परिवार पिछले डेढ़ से दो महीने से लगातार प्रशासन के पास शिकायतें दर्ज करवा रहा था, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी।
पीड़ित के रिश्तेदार जसवीर सिंह और अन्य ने कहा कि आशा वर्कर ने बच्चे के मामा के साथ मिलकर बच्चे को कहीं और बेच दिया था। इस संबंध में उन्होंने शिकायत दर्ज करवाई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि उनका बच्चा उन्हें वापस किया जाए और दोषी व्यक्तियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
आशा वर्कर ने बताया आरोप झूठे
आशा वर्कर ने कहा कि उन पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। उन्होंने बताया कि परिवार ने खुद किसी के जरिए बच्चे को गोद देने के लिए दिया था। उन्हें दुश्मनी के कारण इस मामले में फंसाया जा रहा है। उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। एक परिवार उनके पास बच्चे को गोद लेने के लिए आया था, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया था।

फाजिल्का के डीएसपी तरसेम मसीह ने कहा कि इस मामले में बाल कल्याण समिति का पत्र प्राप्त हुआ है। मामले के संबंध में दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच की जा रही है। इसमें जो भी कार्रवाई जरूरी होगी, वह की जाएगी।
- पहले तुम घर खरीदो… मकान न खरीद पाने से तनाव में आए युवक ने किया प्रेमिका का कत्ल, पत्नी से भी चला रहा था विवाद
- 35 केंद्रों पर इंटर वार्षिक परीक्षा 2026 शुरू, दो छात्राओं को देर से पहुंचने पर नहीं मिली एंट्री
- दिल्ली में SIR को लेकर बवाल, बंग भवन के पास दिल्ली पुलिस से भिड़ीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
- नर्मदा तट पर अंतिम संस्कार के दौरान पथराव: पुलिस समेत चौकीदार घायल, जांच में जुटी पुलिस
- Rajasthan News: मार्च के पहले हफ्ते में शुरू हो जाएगा नए जीएसएस का काम


