IPL Hat-Trick On 2 Legal Deliveries: इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में 2 गेंदों पर हैट्रिक लग चुकी है. यह कमाल एक भारतीय स्पिनर ने ही करके दिखाया था.
IPL Hat-Trick On 2 Legal Deliveries: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की तैयारी पूरी हो चुकी है. अब क्रिकेट फैंस को 28 मार्च का इंतजार है. यह वही तारीख है, जब अगले सीजन का आगाज होगा. 2008 से लेकर अब तक इस लीग के इतिहास में कई रिकॉर्ड बने और टूटे. अगर बात हैट्रिक की करें, तो 23 हैट्रिक लग चुकी हैं. इन 23 में से एक हैट्रिक ऐसी भी रही, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया था, क्योंकि यह हैट्रिक 2 गेंदों पर आई थी. आज से 14 साल पहले एक स्पिनर ने 2 गेंदों पर 3 विकेट निकाल दिए थे. यह सुनने में थोड़ा अजीब लगता है, लेकिन ऐसा हो चुका है. अब सवाल यह है कि आखिर यह कमाल किस बॉलर ने और कब किया था?
दरअसल, क्रिकेट में हैट्रिक तब होती है, जब 3 गेंदों पर लगातार 3 विकेट मिल जाएं. यह एक बड़ा कारनामा कहलाता है. टेस्ट से लेकर टी20 क्रिकेट में कई बार यह कमाल हो चुका है, लेकिन जब आपसे कहा जाए कि दो लीगल गेंदों पर 3 विकेट यानी हैट्रिक पूरी हो चुकी है, तो थोड़ा अजीब लगता है. लेकिन आईपीएल के इतिहास में 2014 में ऐसा हो चुका है. उस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए एक भारतीय स्पिनर ने यह कमाल करके दिखाया था.
किस बॉलर ने किया था ये चमत्कार?

जिस बॉलर ने 2 गेंदों पर 3 विकेट निकाले थे, वह कोई और नहीं बल्कि राजस्थान रॉयल्स के पूर्व लेग स्पिनर प्रवीण तांबे हैं. उन्होंने 2014 में राजस्थान रॉयल्स के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 2 लीगल गेंदों पर हैट्रिक लेकर कमाल कर दिया था. ऐसा आईपीएल इतिहास में पहली बार हुआ था. यह मुकाबला 5 मई 2014 को अहमदाबाद में खेला गया था, जिसमें आरआर ने 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए थे. जवाब में केकेआर की टीम 6 विकेट खोकर 160 रनों पर सिमट गई थी.
जीत के हीरो रहे थे प्रवीण तांबे
राजस्थान रॉयल्स की जीत के हीरो प्रवीण तांबे रहे थे, जिन्होंने 4 ओवरों में 26 रन देकर हैट्रिक के दम पर कुल 3 विकेट निकाले थे. यह वही प्रवीण तांबे हैं, जिन्होंने 41 साल की उम्र में आईपीएल करियर की शुरुआत की थी. वह 2013 से लेकर 2016 तक इस लीग का हिस्सा रहे. इस दौरान 33 मैच खेले और 7.75 की इकॉनमी से 28 विकेट निकाले. बाद में उन पर बीसीसीआई ने बैन लगा दिया था, क्योंकि वह बिना बीसीसीआई की परमिशन लिए विदेशी टी20 लीग में खेलना चाहते थे, जो बीसीसीआई के नियमों के खिलाफ था.
आखिर कैसे पूरी हुई थी 2 गेंदों पर हैट्रिक?

मुकाबले में प्रवीण तांबे अपनी टीम के लिए 16वां ओवर लेकर आए थे. पहली गेंद उन्होंने वाइड फेंकी थी, जिस पर मनीष पांडे क्रीज से बाहर निकल आए थे और पूरी तरह गेंद को मिस कर गए थे. विकेट के पीछे खड़े संजू सैमसन ने बिना देर किए उन्हें स्टंप कर दिया था. इस तरह गेंद भले ही वाइड थी, लेकिन उन्हें विकेट मिल चुका था. इसके बाद पहली लीगल गेंद पर उन्होंने यूसुफ पठान को कैच एंड बोल्ड किया था. फिर दूसरी लीगल गेंद पर रायन टेन डेश्काटे को LBW करके अनोखी हैट्रिक पूरी कर दी थी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

