अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली। जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया।

वहीं स्थानीय लोगों ने खुले नालों को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। मृत बच्ची की पहचान राधा (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अदलहाट थाना क्षेत्र के बाराडीह निवासी भानू की पुत्री थी। परिजनों के अनुसार राधा मंगलवार को अपनी मां के साथ ननिहाल जलीलपुर गांव स्थित नाना सीताराम के घर आई थी।

घर के बाहर खेल रही थी बच्ची

बताया गया कि बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह पास ही बने खुले नाले में गिर गई। काफी देर तक बच्ची के दिखाई न देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नाले में उसका शव मिला, जिसे देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

READ MORE: Kanpur Lamborghini Accident का वीडियो आया सामने, आरोपी के पिता का दावा निकला झूठा, ड्राइवर नहीं, शिवम ही चला रहा था कार!

मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची ननिहाल आई हुई थी और खेलते समय खुले नाले में गिर गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

READ MORE: UP Budget 2026-27 : योगी सरकार ने पेश किया दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट, पिछली बार से 80 हजार करोड़ का अतिरिक्त प्रावधान, एक क्लिक में जानें पिटारे से आपके लिए क्या निकला

स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले नालों को ढंका जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।