लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विजन इंडिया कार्यक्रम के तहत आज जयपुर में आयोजित हारमोनियस हेरीटेज समिट में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने विजन इंडिया में कई कार्यक्रम किए है। आज हमारे कार्यक्रम का संदेश सौहार्द, अमन-चैन और भाईचारा बढ़ाना है। बिना सौहार्द के अमन-चैन और विकास नहीं हो सकता है। जब अमन-चैन होगा तो विकास होगा। समानता आयेगी। समाज बढे़गा, देश बढ़ेगा। असमानता दूर होगी। सामाजिक न्याय का राज स्थापित होगा।

जयपुर साझी विरासत की पहचान

अखिलेश यादव ने कहा कि जयपुर साझी विरासत की पहचान है। पिंक सिटी के रूप में जाना जाता है। गुलाबी रंग सौहार्द का प्रतीक होता है। यह एक सच्ची धरोहर है। आर्किटेक्चर में भारतीय, मुगल शैली देखी जा सकती है। यहां कई किले है। खाने में भी विरासत और धरोहर दिखाई देता है। मिली जुली संस्कृति है। हमारी कोशिश है कि जयपुर से सौहार्द का संदेश पूरे देश में जाय। तरक्की और खुशहाली हो।

हेरिटेज को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हेरिटेज को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। सबसे पहले आर्कियोलाजी का डायरेक्ट्रेट विभाग बनाया। इसका काम सभी विभागों से तालमेल बनाकर काम करना था। यूपी में कई शहरों की धार्मिक पहचान है। शहर बहुत पुराने है। हम लोगों ने हेरिटेज आर्क से शुरुआत की। आगरा, मथुरा, वाराणसी के साथ कारपेट कारोबार के लिए प्रख्यात शहर भदोही को शामिल किया। शहरों के आधारभूत ढांचे के विकास के लिए काम किया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पुराने शहर का सौन्दर्यीकरण किया। आधारभूत ढांचा विकसित किया गया। पर्यटन को बढ़ाने के लिए काम किया गया।

READ MORE: रफ्तार ने लगाया जिंदगी पर ब्रेक! अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि लोगों के अन्दर अपनी जगह और संस्कृति को लेकर लगाव होता है। समाजवादी सरकार ने लखनऊ के साथ आगरा को भी बेहतर बनाया। आगरा के बटेश्वर को उसकी पहचान वापस दिलायी। समाजवादी सरकार ने पहली बार साइकिल हाई-वे बनाया। इको टूरिज्म, वर्ड फेस्टिवल का कार्यक्रम किया। पार्कों को राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की पहचान के लिए कदम उठाये। हमारी कोशिश रही कि इस मुहिम में निजी क्षेत्र भी शामिल हो।

READ MORE: मंदिर में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, कुत्तों को पहले देते थे जहर, फिर …

यूपी में लम्बे समय से जगह-जगह मेले, सांस्कृतिक आयोजन, कार्यक्रम होते है लेकिन पहले उसका कोई डॉक्यूमेंटेशन नहीं होता था। समाजवादी सरकार ने पहली बार ऐसे कार्यक्रमों का डॉक्यूमेंटेशन शुरू किया, प्रमोशन किया। बजट दिया। इन चीजों के प्रति जिन लोगों का लगाव था, उन्हें जोड़ा गया। रामायण मेला शुरू किया। शिल्पकारों, बुनकरों को स्थान दिया। लखनऊ में बुनकरों, शिल्पकारों और हस्त शिल्पियों के लिए शिल्पग्राम बनाया, जहां वे अपना सामान रख सकते हैं। बजट से सब्सिडी दी। इसी तरह से भदोही में कारपेट बाजार बनाया, नोएडा में भी बनाया। वाराणसी के अलावा मुबारकपुर में साड़ियां बहुत बनती है। इसके लिए समाजवादी पार्टी सरकार ने एक साड़ी बाजार बनाया। कारीगरों को जगह दिया। आगरा में म्यूजियम बनाया, जिससे दुनिया से आने वाले लोग हमारी साझी विरासत को देखे और समझें। इतिहास में जाए तो अच्छे सबक ढूंढ कर लायें।

READ MORE: चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं, भाजपा के इशारे पर… SIR को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, लगाए गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने विरासत को संरक्षित करने और उसके प्रचार प्रसार के लिए बहुत काम किये। संगीत, कला, शिल्प, गायन, साहित्य के क्षेत्र में विरासत को आगे बढ़ाने वाले कलाकारों और साहित्यकारों को यशभारती सम्मान से सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। कला और संस्कृति को सम्मान दिया गया। जो लोग खो गये थे, उनकी पहचान को समाज के सामने लाने का कार्य किया। बुनकरों की मदद के लिए पेंशन शुरू की। समाजवादी सरकार ने विरासतों को आगे बढ़ाने के लिए उसी क्षेत्र के लोगों को जोड़ा। कन्नौज में परफ्यूम पार्क बनाकर वहीं के लोगों को जोड़ने का काम किया।