अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. चकिया कोतवाली क्षेत्र के लतीफशाह डैम में ईद के दिन एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. नहाने के दौरान डूबने से 2 किशोरों की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घंटो जद्दोजहद करने के बाद लाश बरामद किया.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश और राहुल गांधी से पूछना चाहिए कि… केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का करारा तंज, आखिर दोनों नेताओं के लेकर ऐसा क्या कहा?

बता दें कि सकलडीहा कस्बे के अलाईगली निवासी 19 वर्षीय समीर पुत्र कमालुद्दीन और 17 वर्षीय एकलाख पुत्र साबिर अली अपने 7 अन्य दोस्तों के साथ ईद का त्योहार मनाने लतीफशाह डैम पहुंचे थे. सभी युवक वहां घूमने और पिकनिक मनाने के उद्देश्य गए थे. इसी दौरान कुछ युवक डैम में नहाने के लिए उतर गए. नहाते समय समीर और एकलाख डैम के गहरे पानी में चले गए और अचानक डूबने लगे. उनके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई और बहाव के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी. देखते ही देखते दोनों युवक पानी में लापता हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

इसे भी पढ़ें- बाबा की मौत के बाद एक्शन में ‘बाबा’: गो-संरक्षण को लेकर CM योगी ने की अहम बैठक, गो-रक्षा करने वाले विभूतियों को लेकर लिया बड़ा फैसला

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया. सूचना पाकर चकिया कोतवाली पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई. पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज, प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह सहित पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोर रणवीर चौहान की मदद से सर्च अभियान चलाया और दोनों शवों को डैम से बाहर निकलवाया. इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है.