मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में बिरालसी और रोनी हरजीपुर के बीच रात्रि में नहर का एक हिस्सा टूट जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नहर का पानी खेतों में भरने से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पहले से ही बे-मौसम बारिश से जूझ रहे किसानों को इस घटना से अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ा है।

नहर टूटने के बाद कई खेतों में जलभराव

स्थानीय किसानों के अनुसार नहर टूटने के बाद कई खेतों में जलभराव हो गया, जिससे खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। किसानों ने प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। भारतीय किसान यूनियन के नेता विकास शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी गई और नहर को जल्द बंद कर पानी रोकने की मांग की गई, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। साथ ही प्रभावित किसानों के नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई है।

READ MORE: ‘भाजपा ने एहसान नहीं, हार का डर दिखाया…’, अखिलेश ने योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा- 9 साल की प्रताड़ना के बाद शिक्षामित्रों को सिर्फ 18,000

क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल

सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने भी कार्य में सहयोग किया। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है। किसानों का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ रहा है और समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है।