अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. अलीनगर थाना क्षेत्र में होली के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक उपनिरीक्षक पर शराब के नशे में धुत युवकों ने हमला कर दिया. मंगलवार देर रात हुई इस घटना में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव को भी चोटें आईं. हमलावरों ने दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी.
इसे भी पढ़ें- ये आत्महत्या नहीं, हत्या है! घर में फंदे पर लटकी मिली युवक की लाश, बुआ पर कत्ल की आशंका, जानिए पूरा मामला
बता दें कि घटना डीजल कॉलोनी स्थित शराब ठेके और होलिका स्थल के पास हुई. जानकारी के अनुसार, होलिका दहन स्थल के समीप तेज आवाज में डीजे बज रहा था और कुछ युवक बम-पटाखे छोड़ रहे थे. स्थानीय लोगों की सूचना पर उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने युवकों को शांत रहने और पटाखे बंद करने के निर्देश दिए. इसी दौरान उपनिरीक्षक द्वारा स्थिति की तस्वीरें लिए जाने पर कुछ युवक भड़क उठे. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने पुलिस टीम को घेरकर हमला कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर करीब 15-20 युवक मौजूद थे. हमलावरों ने दरोगा दिनेश कुमार सिंह को बेरहमी से पीटा, जिससे वह लहूलुहान हो गए. बीच-बचाव करने पहुंचे हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव के साथ भी हाथापाई की गई, उनके हाथ में फ्रैक्चर होने की आशंका है.
इसे भी पढ़ें- जीजा ने साले को उतारा मौत के घाट, पिता ने केस करने से किया इनकार, कहा- इकलौता बेटा तो चला गया, अब बेटी का घर उजाड़ना नहीं चाहता
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह और अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घायल दरोगा को पहले लोको अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो थानों की संयुक्त टीम दबिश दे रही है. हालांकि, सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

