अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली। जिले की पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.68 करोड़ रुपये मूल्य की 1028 पेटी शराब जब्त की है। यह खेप राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर सिंधिताली पुल के पास एक ट्रक से बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई का खुलासा मंगलवार को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने किया।
शराब तस्करों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर शराब तस्करों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। होली पर्व के मद्देनजर, चंदौली जिले की सीमा से बिहार जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे 19 पर सिंधी ताली के समीप चेकिंग अभियान शुरू किया।
READ MORE: जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं है तो… महिला दरोगा से लूटपाट, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी शराब
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक आता दिखा। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। घेराबंदी कर ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें चावल की भूसी की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई अवैध शराब मिली। यह खेप पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया और ट्रक चालक माल्लाराम पुत्र वगाराम को गिरफ्तार किया। माल्लाराम राजस्थान के बाड़मेर जिले के रानीगांव कल थाना सदर का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रक सीज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
READ MORE: मातम में बदली होली की खुशियां: नहर में डूबने से युवक की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पुलिस के अनुसार, ट्रक को रोकने के दौरान चालक ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का भी प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इस शराब को होली के अवसर पर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की साजिश थी। इस कार्रवाई में अलीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, स्वाट प्रभारी रामजन्म यादव, अनिल कुमार यादव, अमित कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह, आकाश सिंह, राहुल खरवार, बच्चा सिंह, प्रवेश कुमार सिंह, आशीष मिश्रा, अरविंद कुमार यादव और राणा प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

