लखनऊ। गंभीर बीमारी से जूझ रहे बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के घर आयकर विभाग की छापे चल रही हैं। जिसको लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने गंभीर सवाल उठाए है। मायावती का कहना है कि उनके खिलाफ किसी भी अवैध संपत्ति अर्जित करने या अन्य किसी गलत कार्य की शिकायत नहीं आई है। उनकी छवि हमेशा साफ रही है।

निष्ठा से अपनी ज़िम्मेवारी निभाई

बसपा सुप्रीमों मायावती ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि बी.एस.पी. के विधायक उमाशंकर सिंह जबसे बी.एस.पी. में आये हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपनी ज़िम्मेवारी निभाई है और आजतक इनके क्षेत्र से इनके बारे में किसी भी प्रकार की अवैध तरीके़ से सम्पत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी ग़लत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है।

READ MORE: ‘उधर सत्ताधारी लोग विदेश में रहकर…’, अखिलेश ने बुलडोजर कार्रवाई पर उठाए सवाल, कहा-आम लोगों के पैसों से उठी दीवार को मलबा बना रहे हैं

हालाँकि पिछले लगभग दो वर्षों से वे काफी गंभीर बीमारी से जूझ रहें हैं, ऐसी स्थिति में आयकर विभाग को अगर इनके सम्बन्ध में कोई शिकायत मिली थी तो वे इनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर इनके ठीक हो जाने के उपरान्त इनसे पूछताछ कर सकते थे। हम कोई इस विभाग के कार्य में दख़ल नहीं दे रहें, लेकिन आज जिस तरह से इन पर अति-गंभीर बीमारी के दौरान कार्रवाई की गयी है वह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है और मानवता के ख़िलाफ है।