कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर. मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बसिरहा गांव के पास बुधवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है. घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इसे भी पढ़ें- देख लो ‘जीरो टॉलरेंस’..! कार में खींचकर महिला सिपाही से रेप की कोशिश, UP में जब पुलिस ही सेफ नहीं तो आम जनता क्या होगा?

बता दें कि सुजानगंज थाना क्षेत्र के मोहरियांव गांव निवासी रोहित (22) पुत्र धर्मेंद्र अपने मित्र संदीप (30) पुत्र राजनाथ के साथ एक ही बाइक से मछलीशहर में लगे प्रदर्शनी मेले को देखने आया था. दोनों बुधवार देर रात वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान मछलीशहर–सुजानगंज मार्ग पर बसिरहा गांव के पास अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया. उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहा रोहित और पीछे बैठा संदीप गंभीर रूप से घायल होकर बाइक सहित गड्ढे में गिर पड़े.

इसे भी पढ़ें- ‘अनावश्यक रूप से लाइन लगाने की जरूरत नहीं…’, सीएम योगी का बड़ा बयान, कहा- प्रदेश में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल संदीप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है. प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.