लखनऊ. अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर योगी सरकार पर करारा हमला बोला. अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया. हत्या, लूट, बलात्कार की घटनायें बढ़ती जा रही है. भ्रष्टाचार चरम पर है. भाजपा सरकार का कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा झूठा साबित हो चुका है. प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कारनामों से त्रस्त है. भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी झूंठे आंकड़ों से जनता को भ्रमित करते हैं जबकि सच्चाई यह है कि प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है. अपराधी तत्व और दबंग सत्ता के संरक्षण में बेलगाम है. सरेआम हत्याओं ओर अपराधों को अंजाम दे रहे है.

इसे भी पढ़ें- हाइवे, हादसा और हड़कंपः बीच सड़क अनियंत्रित होकर पलटा तेज रफ्तार कंटेनर, परिचालक की मौत, दिल दहला देने वाला VIDEO वायरल

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि बुधवार को जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र परिवहन निगम के अनुबंधित बस के चालक ललई यादव की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. मुख्य आरोपी ने सड़क पर ललई यादव की गर्दन पर पैर रखकर दबा दिया. बुलन्दशहर में पचौता गांव में आयोजित मेले में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ. आजमगढ़ में दुष्कर्म पीड़िता की हत्या कर दी गई. सरोजनीनगर के बिजनौर में महिला के मंगलसूत्र की लूट हो गई. इसी तरह से लखनऊ के कृष्णानगर में इन्द्रलोक कॉलोनी निवासी महिला की चेन बाइक सवार बदमाशों ने लूट ली. चंदौली में फार्म हाउस में सो रहे युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई.

इसे भी पढ़ें- महंगा पड़ गया न मजाक! मस्ती-मस्ती में सपेरे ने बुजुर्ग के गले में डाल दिया सांप, फिर जो हुआ जानकर कांप उठेगी रूह

आगे अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि अपराधियों में कानून और पुलिस का डर नहीं है. भाजपा सरकार सो रही है. आपराधिक तत्वों और दबंगों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है. भाजपा सरकार निष्क्रिय हो चुकी है. उत्तर प्रदेश में हर दिन सैकड़ों अपराध की घटनाएं हो रही हैं. आम जनता बेबस है. भाजपा सरकार के पास झूठ और झूठे दावों के अलावा कुछ नहीं है. इस सरकार में प्रदेश में कई तरह के माफिया पैदा कर दिए है. कहीं भूमाफिया, कहीं खनन माफिया तो कहीं अवैध लकड़ी माफिया उत्तर प्रदेश को लूट रहे है. प्रदेश की जनता भाजपा की झूठे और लूट की सरकार को उखाड़ फेंकने को तैयार है. 2027 में जनता भाजपा की भ्रष्ट और अराजक सरकार को हटा देगी.