लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा, भाजपा भेदभाव करती है. इस बार पीडीए समुदाय भाजपा को हराने जा रहा है. समाजवादी पार्टी पीडीए की एकजुटता से भाजपा को सत्ता से हटाने जा रही है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी समाज में सौहार्द, तरक्की और खुशहाली के लिए काम कर रही है, आगे भी करती रहेगी. सौहार्द से अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली आती है. समाज में सामंजस्य होगा तो विकास होगा, भाईचारा, और बराबरी आएगी.

अखिलेश यादव ने कहा कि पूज्यनीय शंकराचार्य जी कई नकली संतों का मुकाबला कर रहे हैं. हम उनकी बहादुरी और साहस के लिए उन्हें बधाई देते हैं. हम लोग पूज्यनीय शंकराचार्य जी का सम्मान करते हैं. सम्मान करते रहेंगे. भविष्य में जब भी मौका मिलेगा उनका आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ेंगे. चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है. भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है. भाजपा ने एसआईआर के दौरान धांधली करने की साजिश रची. फर्जी दस्तखत करके फार्म-7 के जरिए समाजवादी पार्टी के वोटरों का वोट काटने का षड्यंत्र किया. बड़े पैमाने पर फर्जी फार्म भराये.

इसे भी पढ़ें- हसबेंड की हैवानियतः पति ने पहले पत्नी की जमकर की पिटाई, फिर हाथ-पैर बांधकर प्राइवेट पार्ट में डाल दिया डंडा, दहला देगी ‘दरिंदगी’ की वारदात

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पीडीए प्रहरियों ने भाजपा के फर्जीवाड़े को पकड़ लिया. समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग से इस फर्जीवाडे़ की शिकायत की लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की. भाजपा ने समाजवादी पार्टी के एक नगर अध्यक्ष का फर्जी साइन कराकर समाजवादी पार्टी का ही वोट कटवा दिया. जिलाधिकारी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय यह ढूंढ रहे थे कि समाजवादी पार्टी को फर्जीवाड़े की जानकारी कौन दे रहा है. मतदाता सूची का शुद्धीकरण तभी होगा जब भाजपा सरकार जाएगी, इस बार पीडीए समुदाय भाजपा को हराने का काम करेगा.

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग चुनाव आयोग के माध्यम से हर राज्य में विपक्ष को परेशान कर रहे हैं, लेकिन यूपी आते आते भाजपा खुद परेशान हो गई. यूपी में समाजवादी पार्टी ने सिर्फ एक बार एसआईआर का समय बढ़ाने की मांग की थी, उसके बाद समय भाजपा के इशारे पर बढ़ाया गया. नई वोटर लिस्ट आयी है. अभी समाजवादी पार्टी हर बूथ पर जांच करेगी, देखेगी कि कहीं समाजवादी पार्टी के वोट के साथ कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई है. भाजपा सरकार ने यूपी को बर्बाद कर दिया. तमाम तरह का अवैध कारोबार हो रहा है. नशे का कारोबार बढ़ रहा है. हर जिले में गांजा पकड़ा जा रहा है. आखिर गांजा कहां जा रहा है. उन्होंने कहा कि अगर यह स्थिति रही तो आने वाले समय में ओटीटी पर गांजागंज और धुंआ-धुंआधार जैसी फिल्में भी आ जाएगी.

इसे भी पढ़ें- शादी, सुहागरात और अनोखी शर्तः संबंध बनाने के बदले दुल्हन ने दूल्हे के सामने रख दी बड़ी डिमांड, पूरा मामला जानकर घूम जाएगा माथा

उन्होंने कहा कि भाजपा विरासत की दुश्मन है. भाजपा सरकार ने पौराणिक परम्पराओं के जीते-जागते उदाहरण, हमारी विरासत मणिकर्णिका घाट को ध्वस्त करा दिया. राजमाता पूज्यनीय अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को तोड़ दिया. भाजपा सरकार के लोग अपना इतिहास बनाने के लिए राजमाता अहिल्याबाई होल्कर का इतिहास मिटाना चाहते हैं. जब ध्वस्तीकरण के खिलाफ आवाज उठी तो मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ध्वस्तीकरण की फोटो एआई जनरेटेड है. भाजपा विरासत और इतिहास को मिटाकर अपना इतिहास बनाना चाहती है. जनता इस बार हराकर इनको जवाब देगी.