लखनऊ. जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने अखिलेश यादव और सपा पर निशाना साधा था. जिस पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा, हमारे प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं, हम उनको मेहमान मानकर ही सम्मान सहित विदा करेंगे. उनके इस बयान पर अब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने करारा तंज कंस है. केशव मौर्य ने कहा, सपा बहादुर अखिलेश यादव आप गलतफहमी में हैं. अपनी इस बीमारी को दूर कीजिए. यकीनन 2017 में सत्ता से आपकी विदाई 2047 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश बनने तक के लिए है. आप और आपकी पार्टी का चाल, चरित्र और चेहरा उत्तर प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है.

इसे भी पढ़ें- उनको सम्मान सहित विदा करेंगे…PM मोदी के बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार, जानिए सपा सुप्रीमो ने क्यों कही ये बात

आगे केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, यशस्वी और लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाने से पहले आपको आइने में अपने आपको देखना चाहिए. मोदी जी का नाम इतिहास में इस बात के लिए दर्ज हो चुका है कि उनके पास अब तक सबसे ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर देश की सेवा करने का गौरवशाली रिकॉर्ड है. रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि उनके नेतृत्व में गुजरात से लेकर समूचे भारत का सर्वांगिण विकास हुआ है.

इसे भी पढ़ें- UP में ‘मुर्दा’ सरकार, ‘सड़ा’ सिस्टम! झूठे हैं बहन-बेटियों की सुरक्षा के दावे, मेला देखकर लौट रही नाबालिग से गैंगरेप, यही है जीरो टॉलरेंस मुखिया जी?

आगे उन्होंने कहा, आपके हिस्से में ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ हैं, जितने चाहे, उतने देखिए. आपके समर्थन के बावजूद दिल्ली से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की विदाई हो गई. तेजस्वी यादव तो चारों खाने चित्त हो गए. अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बारी है. पूर्व मुख्यमंत्री का आपका पद कोई नहीं छीन सकता, लेकिन अब आप दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बन सकते. मोदी जी पर देश-प्रदेश को भरोसा है. सपा बहादुर एंड कंपनी धोखा ही धोखा है. यूपी में फिर तीसरी बार भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनना तय है.