मेरठ। पीएम मोदी ने आज सीएम योगी के साथ 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के शेष हिस्सों का उद्घाटन किया। फिर नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि मुझे खुशी है कि ‘नमो भारत रैपिड रेल’ नारी शक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक भी बनी है। इसमें ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कंट्रोल स्टाफ, ऐसे अधिकतर काम में हमारी बेटियां ही कार्यरत हैं, बेटियां ही नेतृत्व कर रही हैं।

युवाओं को रोजगार भी मिलता

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा की डबल इंजन सरकार आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो इतना सारा पैसा खर्च कर रही है, उससे आपका पैसा भी बचता है और युवाओं को रोजगार भी मिलता है। जब भारत का सामर्थ्य बढ़ता है, तो उत्तर प्रदेश के इन सभी साथियों को भी फायदा होता है। मेरठ के लोगों ने, यहां के किसानों, उद्यमियों, लघु उद्योगों से जुड़े श्रमिकों, कारीगरों एवं दुकानदारों ने मुझे हमेशा बहुत आशीर्वाद दिया है। साथियों, मैंने तब भी कांग्रेस और सपा, बसपा को कहा था कि अपनी जहरीली राजनीति छोड़िए और आइए विकास के मुद्दे पर मुकाबला करके देखते हैं।

READ MORE: भाजपा राज में कोई भी योजना या… 5 साल में खुले 7 में से 6 एयरपोर्ट बंद होने पर अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, जानिए ऐसा क्या कहा?

विपक्ष पर साधा जमकर निशाना

पीएम मोदी ने इस दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी ओछी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। इन्होंने संसद में क्या किया? संसद में खुद कुछ नहीं कर पा रहे तो अपने साथी दलों को भी बोलने का मौका नहीं देते, संसद चलने नहीं देते। इसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के साथी दलों को हो रहा है। दिल्ली में जो उन्होंने यह नंगा पन दिखाया उससे उनके सारे साथी दल चौंक गए हैं, सबने उनसे किनारा कर लिया।