सोनभद्र। जिले के किरवानी जंगल में मिट्टी निकालने गई महिलाओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का टीला धंस गया। जिससे छह महिलाएं मलबे में दब गई। इस हादसे में तीन की मौत हो गई। दो महिलाओं को रेस्क्यू कर लिया गया। एक महिला की तलाश जारी है।

मिट्टी निकालने के दौरान हादसा

यह पूरा मामला जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र का है। जहां किरवानी जंगल में 6 महिलाएं घरेलू काम काज के लिए मिट्टी निकालने गई थी। खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा उनके ऊपर गिर पड़ा। जिससे सभी महिलाएं मलबे के नीचे दब गई। आस-पास मौजूद लोगों ने चीख पुकार सुनकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।

READ MORE: किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं… लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, जानिए क्या कहा

एक महिला की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन दल बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तीन महिलाओं के शव बरामद किए गए। जबकि एक महिला की तलाश अभी भी जारी है। घटना से गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीएम योगी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की है। सीएम ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।