अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के जंसो की मड़ई के समीप बुधवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे नेशनल हाईवे-19 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय प्रभावती देवी की मौत हो गई। वह सड़क पार कर परचून की दुकान से सामान लेने जा रही थीं, तभी चंदौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

कार की रफ्तार थी तेज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और प्रभावती देवी उसकी चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

READ MORE: CM योगी ने टोक्यो में भारतीय समुदाय के साथ किया संवाद, कहा- भारतीयों ने दुनिया के अंदर कुछ नया करके दिखाया

इलाज के दौरान मौत

घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल प्रभावती देवी को तत्काल वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया और घर पर मातम छा गया।

READ MORE: कौन संवेदनहीन राजनेता… बसपा विधायक के घर पर IT का छापा पड़ने से मंत्री दिनेश प्रताप हुए नाराज, भड़कते हुए दे दिया बड़ा बयान

छानबीन में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है तथा फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि महिला की मृत्यु इलाज के दौरान हुई है। पोस्टमार्टम वाराणसी में कराया जा रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।