लखनऊ. SI भर्ती परीक्षा (UP SI Recruitment Exam) को लेकर पुलिस अलर्ट हो गई है. पेपर लीक गैंग, नकल गैंग को लेकर पुलिस चौकन्नी है. ऐसा मामला पाए जाने पर शिकायत के लिए पुलिस ने व्हाट्सएप नंबर और मेल आईडी जारी की है. 9454457951 नंबर पर ऐसा प्रकरण सामने आने पर शिकायत की जा सकती है. या फिर [email protected] पर मेल के जरिए भी शिकायत की जा सकती है. 14 और 15 मार्च को यूपी में 4543 पदों पर सब इंस्पेक्टर की भर्ती परीक्षा होनी है.

यूपी पुलिस ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा किया है. जिसमें लिखा है कि ‘उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा अभ्यर्थियों और अन्य हितधारकों को सूचित किया जाता है कि सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की होने वाली परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों या उनकी कंटेट पर चर्चा, विश्लेषण या प्रसार करना उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के प्रावधानों के तहत ऐसी सभी गतिविधियां सख्त रूप से प्रतिबंधित हैं.’

इसे भी पढ़ें : CM योगी के विमान बेड़े में शामिल हुआ अगस्ता AW139 हेलिकॉप्टर, जानिए कितना सुरक्षित है ये विमान

पोस्ट में आगे लिखा है कि ‘कोई भी व्यक्ति जो परीक्षा सामग्री या उसकी किसी जानकारी को किसी भी रूप में (मौखिक या लिखित, इलेक्ट्रॉनिक या यांत्रिक माध्यम से) प्रकाशित, पुनरुत्पादित, प्रसारित, संग्रहीत या साझा करते हुए पाया जाता है, या परीक्षा केंद्र प्राप्त कराई गई मूल ओएमआर शीट को ले जाते हुए पाया जाता है, या सामग्री को अनाधिकृत रूप से कब्जे में रखे हुए पाया जाता है, तो सम्बन्धित व्यक्ति के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. विस्तृत सूचना के लिए बोर्ड की वेबसाइट- https://uppbpb.gov.in का अवलोकन करें.’